मध्य प्रदेश से आई पुलिस टीम ने गौराबादशाहपुर थाने की पुलिस की मदद से धर्मापुर बाजार स्थित एक व्यापारी के गोदाम से चोरी की 299 बोरी मसूर का दाल बरामद किया है। व्यापारी को हिरासत में लेकर एमपी पुलिस अपने साथ ले गई। आरोप है कि व्यापारी ने एक ट्रक चालक से दाल खरीदा था। बरामद दाल की कीमत 14 लाख रुपये बताई जा रही है।
मध्य प्रदेश के एक बड़े कारोबारी यूपी के कई जिलों में व्यापारियों को मसूर की दाल सप्लाई करते हैं। पिछले दिनों एक ट्रांस्पोर्ट से उन्होंने दाल यूपी भेजा था। आरोप है कि ट्रक चालक ने धर्मापुर बाजार में एक दुकानदार को दाल बेच दिया और मालिक को बता दिया कि वह ट्रक को ढाबा पर खड़ा कर खाना खा रहा था, उसी दौरान चोरों ने ट्रक खाली कर दिया। दाल मालिक ने मध्य प्रदेश के कटनी जिले के कुछला थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। जांच कर रही पुलिस ट्रक में लगे जीपीएस के आधार पर धर्मापुर बाजार पहुंची। एमपी पुलिस के एसओजी टीम के सब इंस्पेक्टर विजेंद्र तिवारी व गौराबादशाहपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने धर्मापुर के एक व्यापारी के गोदाम में रविवार की रात छापे की कार्रवाई कर जांच की। इस दौरान 30-30 किलो की 299 बोरी दाल बरामद हुई। गौराबादशाहपुर थानाध्यक्ष श्रीप्रकाश राय ने बताया कि एमपी पुलिस चोरी का माल खरीदने के आरोप में व्यापारी को अपने साथ ले गई।