मड़ियाहूं। रामनगर ब्लाक परिसर में शनिवार को किसानों के समर्थन में सपा कार्यकर्ताओं ने पूर्व विधायक श्रद्धा यादव व पूर्व सांसद तूफानी सरोज के नेतृत्व में धरना दिया। इस दौरान कार्यकर्ता जुलूस निकालने की कोशिश कर रहे कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। सभी को निजी मुचलके पर रिहा कर दिया गया।
धरने में पूर्व विधायक श्रद्धा यादव ने कहा कि आंदोलनरत किसानों की मांगों के समर्थन में समाजवादी पार्टी कूद चुकी है। यह कानून किसान विरोधी है। अगर इसे वापस नहीं लिया गया तो देश के किसान बहुराष्ट्रीय कंपनियों और औद्योगिक घरानों के गुलाम होकर रह जाएंगे। उन्होंने कहा कि देश के 70 प्रतिशत किसान आज भुखमरी के कगार पर हैं। पूर्व सांसद तूफानी सरोज ने कहा कि पुलिस प्रशासन जबरदस्ती सपा कार्यकर्ताओं को रोककर आंदोलन खत्म करने की कोशिश कर रही है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष लाल बहादुर यादव, जयहिंद यादव, गौरीशंकर सोनकर, राजेंद्र यादव, कपिल यादव, लोरिक यादव, राजनारायण बिंद, संदीप यादव, कैलाश नाथ यादव, विनोद यादव आदि मौजूद रहे।
टोल प्लाजा फ्री करने की कोशिश नाकाम, डटी रही फोर्स
मछलीशहर। कृषि बिल के विरोध में चल रहे आंदोलन के तहत किसान संगठनों ने टोल प्लाज फ्री करने का एलान किया था। प्रयागराज-जौनपुर हाईवे पर कुंवरपुर स्थित टोल प्लाजा को फ्री करने की कोशिशों को प्रशासन ने विफल कर दिया।
भोर से ही भारी फोर्स टोल प्लाजा पर मुस्तैद कर दी गई थी। एसडीएम अंजनी कुमार सिंह व सीओ विजय सिंह भी सुबह ही वहां पहुंच गए। कुछ किसान नेता छिटपुट संख्या में वहां पहुंचकर टोल प्लाजा पर कब्जे की कोशिश करना चाहे, लेकिन उन्हें जबरन वापस भेज दिया गया। कुंवरपुर टोल प्लाजा पर पवांरा, मछलीशहर सहित कई थानों की फोर्स के अलावा पीएसी की तैनाती की गई थी। टोल प्लाजा प्रभारी घनश्याम मिश्रा ने बताया कि अन्य दिनों की अपेक्षा वाहनों की संख्या कम जरुर रही, लेकिन आंदोलन का कोई असर नहीं था।