पूर्व मंत्री शैलेंद्र यादव ललई को आखिर में हार का सामना करना पड़ा। मुंगराबादशाहपुर विधानसभा सीट से सपा प्रत्याशी पंकज पटेल ने जीत दर्ज की। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी अजय शंकर दुबे को हराया है। जफराबाद विधानसभा क्षेत्र के सपा-सुभासपा प्रत्याशी पूर्व मंत्री जगदीश नारायण राय ने जीत दर्ज की है। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी डा. हरेंद्र प्रसाद सिंह को हराया।
मड़ियाहूं विधानसभा सीट पर भाजपा के सहयोगी दल अपना दल (एस) का कब्जा बरकरार रहा। अपना दल (एस) के प्रत्याशी डा. आरके पटेल ने सपा प्रत्याशी सुषमा पटेल को हराया। मल्हनी विधानसभा सीट पर सपा के लकी यादव ने पूर्व सांसद और जेडीयू प्रत्याशी धनंजय सिंह को शिकस्त दी।
बदलापुर सीट से भाजपा रमेशचंद्र मिश्र ने लगातार दूसरी बार जीत दर्ज की। उन्होंने सपा के ओम प्रकाश दुबे को हराया। रमेश जनपद में सबसे कम अंतर से जीतने वाले विधायक बने। मछलीशहर से सपा की डा.रागिनी सोनकर ने भाजपा प्रत्याशी मेहीलाल को हराया।
पूर्वांचल विश्वविद्यालय के समीप जौनपुर-शाहगंज मार्ग पर बृहस्पतिवार की दोपहर मतगणना के दौरान भाजपा - सपा के उत्साहित कार्यकर्ता रुझान को देखते हुए नारेबाजी करने लगे। पुलिस ने मना किया तो कुछ कार्यकर्ताओं ने उग्र हो कर पथराव शुरू कर दिया। बाद में पुलिस ने लाठियां भांज लोगों को खदेड़ा।
मतगणना के दौरान दौरान मल्हनी से सपा प्रत्याशी लकी यादव और शाहगंज से भाजपा समर्थित निषाद पार्टी के रमेश सिंह के जीत की जानकारी होते ही दोनों के समर्थक उत्साहित हो कर नारेबाजी करने लगे। पुलिस व सुरक्षा बल के जवानों ने उन्हें शांत कराने की कोशिश की तो भीड़ से कुछ लोगों ने पथराव कर दिया।
इसके बाद जवानों ने लाठी भांजते हुए उन्हें खदेड़ दिया। इससे करीब आधे घंटे तक वहां अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। गणना स्थल पर जा रहे जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय कुमार साहनी भी रास्ते में ही रुक गए। चर्चा है कि सुरक्षाबलों ने कुछ घरों में घुसकर महिलाओं की भी पिटाई कर दी। इसे लेकर लोगों में भारी गुस्सा है।