फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jaunpur News: खाना पहले लेने के लिए हुआ था संघर्ष, आठ बंदियों को अलग- अलग बैरकों में रखा गया; पुलिस अलर्ट

Mon, 24 Mar 2025 09:31 AM IST
वाराणसी ब्यूरो अमर उजाला नेटवर्क, जौनपुर।

सार

Jaunpur News : जौनपुर जिला कारागार में वर्चस्व के लिए सोनू सिंह और मंगेश यादव गुट भिड़े थे। खाना पहले लेने को लेकर विवाद हुआ था। मारपीट में दो बंदी रक्षक समेत 15 घायल हुए। 
विज्ञापन
जौनपुर जिला कारागार में हुई घटना के बाद मौके पर मौजूद अधिकारी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

जिला कारागार में शनिवार को सुबह वर्चस्व के लिए सोनू सिंह और मंगेश यादव गुट के बंदी आपस में भिड़ गए। कहासुनी के बाद दोनों गुटों में जमकर मारपीट हो गई। इसमें दो बंदी रक्षक और 13 बंदी घायल हो गए। दो घायलों का इलाज जेल अस्पताल में चल रहा है। 
विज्ञापन


छह बंदियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर अलग- अलग शहरों में भेजा गया
घटना का पता तब चला, जब रविवार को सुबह डीएम व एसपी जिला कारागार का निरीक्षण करने पहुंचे थे। इसके बाद दोनों गुटों के आठ बंदियों को पुलिस ने चिह्नित कर अलग-अलग बैरकों में रखा है। घटना के बाद पुलिस को अलर्ट कर दिया गया है। रविवार की देर शाम छह बंदियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराकर उनको प्रयागराज, वाराणसी, सुल्तानपुर और गाजीपुर की जेलों में भेजा गया। 

ये है पूरा मामला
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, शनिवार को सुबह करीब 8:30 बजे जिला कारागार में खाना लेने के लिए सभी बंदी लाइन में लगे थे। सोनू सिंह और मंगेश यादव गुट से जुड़े बंदी भी लाइन में लगे थे। खाना पहले लेने के लिए दोनों गुटों के लोग एक-दूसरे को पीछे करने लगे। इस पर दोनों गुटों में कहासुनी के बाद धक्कामुक्की होने लगी। इसके बाद दोनों गुटों के बंदी एक-दूसरे पर हमलावर हो गए। झाड़ू के डंडे से एक-दूसरे की पिटाई करने लगे। 
विज्ञापन


बीच- बचाव में चोटिल हुए बंदी रक्षक
बीच-बचाव में बंदी रक्षक यानी हेड वॉर्डर आशुतोष चतुर्वेदी और जेल वॉर्डर जय प्रकाश यादव सहित बंदी अदनान और बबलू गंभीर रूप से घायल हो गए। कुल घायलों की संख्या 15 बताई जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, सोनू सिंह के 12 और मंगेश गुट के 23 लोग जिला कारागार में बंद हैं। दोनों गुटों में काफी दिनों से वर्चस्व के लिए विवाद चल रहा है। 

घटना के बाद पुलिस-प्रशासन अलर्ट

जेल में हुई इस घटना के बाद पुलिस-प्रशासन अलर्ट है। मारपीट करने वाले बंदियों के संबंधियों में जेल के बाहर गैंगवार न हो, इसके लिए सभी थानों को भी अलर्ट कर दिया गया। बंदियों के संबंधियों के यहां भी पुलिस दबिश दे रही है। इस संबंध में जेल अधीक्षक डॉ. विनय कुमार द्विवेदी ने बताया कि वर्चस्व को लेकर मारपीट हुई थी। दो घायलों का जेल अस्पताल में इलाज चल रहा है। मारपीट में 15 बंदी घायल हुए हैं।

देर शाम दूसरी जेलों में भेजे गए छह बंदी
शनिवार को हुई इस घटना के बाद रविवार की सुबह डीएम डॉ. दिनेश चंद्र और एसपी डॉ. कौस्तुभ ने जिला कारागार का निरीक्षण कर माहौल का मुआयना किया। डीएम ने घटना में शामिल कुछ बंदियों को चिह्नित कर दूसरे कारागार में ट्रांसफर करने का निर्देश दिया है। मारपीट में शामिल बंदियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया। इसके बाद देर शाम छह बंदियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराते हुए उनको दूसरे जनपदों की जेलों में भेजा गया। इसमें सोनू सिंह गुट के शैलेंद्र प्रताप सिंह और निशांत सिंह को प्रयागराज जेल भेजा गया। मंगेश यादव गुट के मंगेश और संगम यादव को वाराणसी जेल भेजा गया। दो अन्य बंदी संदीप मौर्या को सुल्तानपुर और नीरज यादव को गाजीपुर जेल भेजा गया है।
विज्ञापन

जौनपुर सहित अन्य शहरों में सक्रिय हैं दोनों गुट

पुलिस सूत्रों के मुताबिक सोनू सिंह और मंगेश यादव गिरोह जौनपुर के अलावा अन्य शहरों में भी सक्रिय है। सोनू सिंह गुट हत्या, लूट, छिनैती आदि अपराधों में संलिप्त है। इनके तार मुंबई और कोलकाता में भी जुड़े हैं। मंगेश यादव गुट भी लूट, हत्या और छिनैती की बड़ी घटनाओं को अंजाम देता है। दोनों गुटों की जड़ें जौनपुर में गहरी हैं।

क्या बोले अधिकारी
मासिक निरीक्षण के क्रम में रविवार को जिलाधिकारी के साथ जेल का निरीक्षण किया। जेल में झड़प की सूचना थी, इस बाबत जांच की गई। फिलहाल शांति व्यवस्था कायम है। बंदियों पर जेल प्रशासन अपने स्तर पर कार्रवाई करेगा। -डॉ. कौस्तुभ, पुलिस अधीक्षक
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें