नेवढ़िया/ सिकरारा। नेवढ़िया थाना क्षेत्र के दोदापुर गांव में कबड्डी खेलने के विवाद में जमकर लाठी डंडे चले जिसमें चार लोग घायल हो गए । वहीं सिकरारा थाना क्षेत्र के ककोहिया गांव में जमीनी विवाद में हुई मारपीट में पति पत्नी घायल हो गए।
नेवढ़िया के दोदापुर गांव के बगीचे में शनिवार दोपहर बिंद बस्ती के लोग कबड्डी खेल रहे थे। उसी समय राजभर बस्ती के लोग भी कबड्डी खेलने पहुंच गए। कबड्डी खेलने को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी होने लगी। देखत ही देखते मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान एक पक्ष से संजय बिंद, योगेंद्र बिंद और दूसरे पक्ष से लालजी राजभर, प्रमिला देवी गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को उपचार के लिए समुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर पहुंचाया। हालत गंभीर देख डाक्टर ने लालजी, संजय व योगेंद्र को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
वहीं सिकरारा के ककोहिया गांव निवासी अशोक कुमार सिंह ने थाने पर तहरीर देकर आरोप लगाया है कि जमीनी विवाद को लेकर पड़ोसी जयद्रथ सिंह, वीरेंद्र सिंह, अंकुर सिंह व बंटी सिंह ने उनकी पिटाई कर दी। बचाव के लिए पत्नी पुष्पलता आई तो उसे भी लाठी से पीटकर घायल कर दिया। जबकि दूसरे पक्ष के जयद्रथ सिंह ने पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि वह अपने हिस्से की आबादी की जमीन में मकान बना रहे थे तभी पड़ोसी अशोक, प्रवीण, शिवप्रकाश ने काम रोक दिया। सूचना पर थाने के एसआई रामशंकर पांडेय मय फोर्स मौके पर पहुंचकर छह लोगों को हिरासत में ले लिए हैं।