गौराबादशाहपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के कुरेथू गांव में चकबंदी अधिकारियों की टीम पर पथराव करने के मामले में पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार कर बृहस्पतिवार को चालान कर दिया। गांव में पुलिस और पीएसी के जवानों की तैनाती के बीच पैमाइश का काम गुरुवार को भी जारी रहा।
कुरेथू गांव में चकबंदी में धांधली का आरोप लगाते हुए तीन दिन पहले पैमाइश के लिए गई चकबंदी टीम पर किसानों ने पथराव कर दिया था। मामले में पुलिस ने 18 नामजद और 40 अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है। बुधवार की रात पुलिस ने गांव में दबिश देकर आरोपी नीरज कुमार, जितेंद्र, जयप्रकाश यादव, रामचन्द्र कन्नौजिया, रूदल वर्मा और राम मिलन को गिरफ्तार कर चालान कर दिया। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी में भी पुलिस दबिश दे रही है।
महिला थानेदार तारावती समेत पुलिस और पीएसी के जवानों की तैनाती के बीच गुरुवार को भी पैमाइश हुई। अब तक गांव में बने कुल 16 सेक्टर में से 13 सेक्टर की पैमाइश का काम पूरा कर लिया गया है। पुलिस कार्रवाई की भय से तमाम लोग घर छोड़कर फरार हो गए हैं। थानाध्यक्ष राम प्रवेश कुशवाहा ने बताया कि गांव में उत्पात मचाने वाले सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी। पैमाइश का काम पूरा होने तक पुलिस गांव में ही कैंप करेगी।