खुटहन। मुख्य विकास अधिकारी गौरव वर्मा व डीसी मनरेगा भूपेंद्र सिंह ने संयुक्त रूप से मंगलवार को खुटहन ब्लॉक मुख्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान पीएमवाई मॉडल आवास का मानक पूरा न होने पर अवर अभियंता विमलेश कुमार को कारण बताओ नोटिस जारी किया। इसके अलावा 95 ग्राम पंचायतों में मात्र 42 गांव में चल रहे मनरेगा के काम पर नाराजगी जताया। ब्लॉक परिसर में लगी गंदगी को शीघ्र साफ कराने का निर्देश बीडीओ को दिया।
सीडीओ गौरव वर्मा व डीसी मनरेगा भूपेंद्र सिंह ने सबसे पहले मनरेगा कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान 95 ग्राम पंचायतों में से मात्र 42 गांव में ही मनरेगा का काम कराया जाना पाया गया। जिस पर डीसी मनरेगा ने शतप्रतिशत गांवों में मनरेगा का काम चलाने का निर्देश दिया। साथ ही उपस्थित ग्राम प्रधानों को मनरेगा में किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होने की चेतावनी दी। उन्होंने बीडीओ को निर्देशित किया कि मनरेगा सेल में लगे सीन बोर्ड पर ग्राम पंचायतों के अच्छे कार्य को फोटोग्राफ के माध्यम से अवश्य दर्शाया जाना चाहिए। आवास के लाभार्थियों को मनरेगा के तहत 90 दिन का रोजगार देने का निर्देश दिया। इसके बाद मॉडल आवास मानक के अनुरूप न होने पर अवर अभियंता विमलेश कुमार को कारण बताओ नोटिस जारी की गई। बीडीओ गौरवेन्द्र सिंह को निर्देशित किया कि ऐसी शिकायतें आने पर सभी जिम्मेदारों के खिलाफ कड़ी कार्यवाई की जाएगी।