जौनपुर। तीन बुजुर्गों समेत शुक्रवार को कोरोना के सात नए मामले आए। सभी मरीज ग्रामीण क्षेत्रों के हैं। पीड़ितों में एक बैंक कर्मी भी है। नए मरीजों के बाद अब जिले में पॉजिटिव केस की संख्या 6069 हो गई है। इसमें 5836 मरीज ठीक हो चुके हैं। 90 की मौत हुई है।
करंजाकला ब्लाक के कुत्तुपुर निवासी वृद्ध (70), डोभी के जमुनीपुर कॉलोनी निवासी महिला (35), महराजगंज के डोमपुर कटहर निवासी युवक (30) में कोरोना का कोई लक्षण नहीं था, मगर जांच के बाद उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। तीनों को होम आइसोलेशन में रखा गया है। बदलापुर के भेलपुर निवासी वृद्ध (60) को वाराणसी के निजी अस्पताल में भर्ती किया गया है। मड़ियाहूं के महतवाना निवासी बैंककर्मी (29) और सिकरारा के डमरुआ निवासी बुजुर्ग (73) को भी होम आइसोलेशन में रखा गया है। उधर, नौपेड़वा सीएचसी व कटका नवाबाद गांव में शुक्रवार को स्वास्थ्य कर्मियों ने शिविर लगाकर जांच की। सीएचसी स्वास्थ्य केंद्र के डॉ. जनार्दन यादव ने बताया कि 25 लोगों की वीटीएम और 11 लोगों की एंटीजन किट से जांच की गई। एंटीजन के सभी सैंपल निगेटिव रहे। इस दौरान एलटी अमित निगम, राजेंद्र प्रसाद, ज्योति सिंह, प्रदीप चौधरी, विनय कुमार, इंतजार अहमद मौजूद रहे। डीएम दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि शुक्रवार को 2133 सैंपल के रिजल्ट आए, जिसमें सात पॉजिटिव हैं। पहले के 12 मरीज ठीक हुए। शुक्रवार को 1767 नए सैंपल भी लिए गए। अब तक 240009 सैंपल किए जा चुके हैं, 942 की रिपोर्ट आनी शेष है।