जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के दूसरे, चौथे और छठवें सेमेस्टर की परीक्षाएं 15 अप्रैल से शुरू होंगी। इसके लिए केंद्रों पर उत्तर पुस्तिकाएं पहुंच चुकी हैं। सभी काॅलेजों को पत्र जारी कर सुचितापूर्ण तरीके से परीक्षा कराने का निर्देश दिया गया है। विश्वविद्यालय से संबद्ध 573 महाविद्यालयों की परीक्षाएं शुरू हो रही हैं।
इस बार सेमेस्टर परीक्षाएं तीन पाली में कराई जाएंगी। सभी पेपर दो-दो घंटे के होंगे। विश्वविद्यालय प्रशासन ने इसके लिए परीक्षा कार्यक्रम वेबसाइट पर अपलोड कर दिया है। सेमेस्टर परीक्षा में कुल 2 लाख 70 हजार छात्र हिस्सा लेंगे। परीक्षा के लिए गाजीपुर में 198, जौनपुर में 156 और प्रयागराज में एक केंद्र बनाया गया है। पूर्वांचल विश्वविद्यालय से संबद्ध गाजीपुर कुल 354 महाविद्यालय है। इसमें 3 राजकीय, 8 अनुदानित और 343 स्ववित्तपोषित महाविद्यालय हैं। इसी प्रकार जौनपुर में कुल 219 महाविद्यालयों का संचालन हो रहा है। इसमें 2 राजकीय, 14 अनुदानित और 203 स्ववित्तपोषित महाविद्यालयों का विवि से संबद्ध हैं। सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा सामग्री भेज दी गई है। सीसीकैमरे की निगरानी में सभी केंद्रों पर परीक्षाएं कराई जाएंगी।
सेमेस्टर परीक्षा की तैयारी पूरी कर ली गई है। 15 अप्रैल से परीक्षाएं शुरू हो रही हैं। परीक्षा कराने के लिए सभी कॉलेजों को पत्र जारी कर दिया गया है। कुल 355 केंद्रों पर परीक्षाएं कराई जाएंगी। -अजीत प्रताप सिंह, परीक्षा नियंत्रक पूविवि जौनपुर