केराकत। तहसील में न्यायिक व्यवस्था इन दिनों गंभीर संकट से गुजर रही है। उपजिलाधिकारी सुनील कुमार के गैर जनपद स्थानांतरण के बाद एसडीएम न्यायालय का संचालन लगातार प्रभावित हो रहा है।
गुरुवार को भी न्यायालय में सुनवाई नहीं हो सकी, जिससे दूर-दराज क्षेत्रों से पहुंचे सैकड़ों वादकारियों को बिना सुनवाई के निराश होकर लौटना पड़ा। एसडीएम न्यायिक बिंदु लता और उनके पेशकार के अनुपस्थित रहने के कारण न्यायालय की कार्यवाही नहीं हो पाई। लगातार चौथे दिन सुनवाई नहीं होने से राजस्व से जुड़े मामलों के निस्तारण पर असर पड़ रहा है और लंबित मुकदमों का बोझ बढ़ता जा रहा है।
अधिवक्ताओं का कहना है कि तहसील में न्यायिक कार्य प्रभावित होने से वादकारियों को अनावश्यक परेशानी उठानी पड़ रही है।
उन्होंने जिला प्रशासन से जल्द वैकल्पिक व्यवस्था कर एसडीएम न्यायालय का नियमित संचालन शुरू कराने की मांग की है।