जौनपुर। केराकत कोतवाली क्षेत्र के डेहरी गांव में जमीन विवाद के चलते मारपीट और जातिसूचक गालियां देने का मामले में उर्मिला देवी के प्रार्थना पत्र पर न्यायालय के आदेश के बाद छह माह की देरी से छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
मामला बीते 26 जुलाई का है। उर्मिला देवी अपने पति और बेटों के साथ अपनी बैनामे की जमीन पर धान की रोपाई कर रही थीं। इसी दौरान, शांति देवी, पुष्पा देवी, सरिता देवी, शनि यादव, घनश्याम यादव और जर्नादन चौहान ने रोपाई को रोकने का प्रयास किया और रोपे हुए धान को उखाड़ दिया। विरोध करने पर आरोपियों ने पीड़िता और उसके परिवार पर जातिसूचक गालियां दीं और मारपीट की। घटना की जानकारी 112 नंबर पुलिस को दी गई और थाने पर भी शिकायत की गई। इसके बावजूद पुलिस ने न तो प्राथमिकी दर्ज की और न ही डॉक्टरी जांच कराई। आखिरकार, पीड़िता ने न्यायालय की शरण ली। केराकत सीओ अजीत कुमार ने बताया कि मामले में छह लोगों के खिलाफ एससीएसटी एक्ट सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।