जौनपुर। यह चिलचिलाती गर्मी, ऊपर से बिजली कटौती। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक के लोग परेशान हैं। पारा 45 डिग्री के पार जा रहा है। अब तो तेजी से लोग सर्दी और बुखार की भी चपेट में आ रहे हैं। दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा पसर जा रहा है। लोग दुकानें बंदकर अपने घरों में चले जा रहे हैं।
एक तरफ जिले में पारा 45 के पार जा रहा है और दूसरी ओर लोकल फाल्ट के चलते भीषण बिजली कटौती हो रही है। गर्मी और बिजली न रहने के कारण शहर से गांव तक के लोग परेशान हैं। तारापुर कालोनी, रुटट्टा, यूपी सिंह कालोनी, लाइन बाजार, सूरज बिहारी कटरा के बाहर, चांदमारी समेत शहर के अधिकांश मोहल्ले में फाल्ट के चलते बिजली सोमवार की रात बिजली गुल रही। बिजली न रहने के कारण लोग अपने छोटे बच्चों को लेकर परेशान दिखे। घरों से बाहर काफी रात तक लोग घूमते रहे। रात में डेढ़-दो बजे के करीब बिजली आई। तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली। सुबह जौनपुर रोडवेज डिपो के पास आए फाल्ट को ठीक करने में बिजली विभाग के अधिकारियों को करीब तीन घंटे से अधिक का समय लग गया। फाल्ट को सही करने के लिए अधिकारी ने शटडाउन लिया था। तीन घंटे तक बिजली न रहने से मंगलवार को डेढ़ बजे दोपहर तक बिजली गुल रही। बिजली न रहने के कारण लोगों को पीने के पानी की भी किल्लत झेलनी पड़ रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में हाल तो बदतर हो गई हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में आठ घंटे तक बिजली कटौती हो रही है। इससे किसानों की सिंचाई के लिए भी दिक्कतें आ रही है। यही नहीं, बिजली आती भी है तो लो वोल्टेज की समस्या से लोगों को जूझना पड़ रहा है। बिजली विभाग रोस्टर के अनुसार, बिजली सप्लाई नहीं कर रहा है। ऊर्जा निगम की ओर से जारी शेडयूल में ग्रामीणों क्षेत्रों में 18 घंटे आपूर्ति का दावा है, लेकिन 12 घंटे भी बमुश्किल आपूर्ति मिल पा रही है। कभी फ्यूज उड़ने और फाल्ट लाइन में खराबी आने का हवाला दिया जाता रहता है। सिंगरामऊ क्षेत्र के बछुआर गांव स्थित विद्युत उपकेंद्र सिंगरामऊ से हो रही अघोषित कटौती से लोग खासे परेशान हैं। दिन में उमस भरी गर्मी से लोगो का जीना मुहाल हो गया है। वहीं, रात में लोगों की नींद पूरी नहीं हो रही है। सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में 18 घंटे बिजली देने का वादा कर रही है लेकिन उपभोक्ताओं को चिलचिलाती गर्मी में 10 घंटे ही बिजली मिल पा रही है। उमस भरी गर्मी और मच्छरों के कारण लोगों की नींद पूरी नहीं हो रही है। मडियाहूं कस्बे में भी भारी कटौती हो रही है। लोग रात भर जागने को विवश है। नगर के लोगों का आरोप है कि फोन करने पर शिकायत सुनने वाला भी कोई नहीं है। बरसठी में पांच से छह घंटे बिजली मिल रही है, वह भी लो वोल्टेज रहता है। रोस्टर के हिसाब से कितनी बिजली आ रही है, इसे कोई बताने वाला नहीं है।
24 घंटे में मिल रही महज चार घंटे आपूर्ति
बदलापुर। क्षेत्र में अघोषित बिजली कटौती से उपभोक्ता परेशान हैं। सोमवार की सुबह से चरमराई बिजली आपूर्ति मंगलवार की दोपहर तक बेपटरी रही। इसके चलते लोगों को महज चार घंटे ही आपूर्ति मिल सकी, वह भी 10-20 मिनट के अंतराल पर, लोगों को इनवर्टर, मोबाइल चार्ज करने में भारी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। तहसील उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष अनिल सिंह शक्ति, डा. प्रमोद मिश्र मोनू, आदित्य प्रताप सिंह, अनिल पांडेय आदि लोगों ने बताया कि बिजली आपूर्ति की ऐसी ही बदतर स्थित बनी रही तो उपभोक्ता सड़क पर उतरने के लिए बाध्य होंगे। बिजली विभाग के संविदा पर कार्यरतकर्मी भी अपना मोबाइल बंदकर लिए हैं। इस बाबत पूछे जाने पर एसडीओ रंजीत कुमार ने कहा कि दस घंटे बिजली की कटौती की गई है। जितनी सप्लाई मिल रही है उतनी दी जा रही है।
132 ट्रांसमिशन लाइन अतिभारित है। इसकी वजह से लोड बैलेंस करने के लिए बारी-बारी से कटौती की जा रही है। ठीक करने का प्रयास किया जा रहा है। - रोशन जमीर, एसडीओ शाहगंज
गर्मी के कारण ट्रिपिंग के कारण शहर में दिक्कत आ रही है। लोड बढ़ने के कारण फाल्ट आ रहा है। इसे सही करने में समय लग रहा है। इस कारण आपूर्ति बाधित हो रही है। - नजम अहमद, एक्सीईएन तृतीय
22-23 तक मानसून आने की संभावना
जौनपुर। कृषि विज्ञान केंद्र बक्शा में तैनात वरिष्ठ वैज्ञानिक डा. सुरेश कन्नौजिया के मुताबिक, गर्मी से लोगों को जल्द ही राहत मिल जाएगी। मानसून इस बार दो-तीन दिन पहले ही आ जाएगा। उम्मीद है कि 23-23 तक मानसून आ जाएगा।