जौनपुर जिले के जलालपुर क्षेत्र के ऐतिहासिक त्रिलोचन महादेव मंदिर में सावन माह के दूसरे सोमवार पर दूर- दराज से आए सैकड़ों की संख्या में कांवड़ियों ने त्रिलोचन महादेव का दर्शन पूजन किया। शिवभक्तों ने दूध और जल से बाबा का अभिषेक किया। इस दौरान मंदिर के आसपास सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही।
विज्ञापन
भोर में दो बजे आरती के बाद मंदिर का कपाट खुलते ही कांवड़िया और महिला व पुरुष श्रद्धालुओं ने अलग- अलग कतार में लगकर जलाभिषेक किया। इस दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था शख्त रही।
मंदिर के गृह से लेकर मंदिर परिसर, सड़क तक भारी पुलिस फोर्स व पीएसी के जवान तैनात रहे। क्षेत्राधिकारी थाना प्रभारी त्रिवेणी सिंह परिसर में चक्रमण करते रहे। मंदिर पर दर्शन पूजन देर शाम तक चलता रहेगा। स्वास्थ्य विभाग के स्टाल पर कावड़ियों के पैर में छाला और थकान का इलाज किया गया।
सावन मेला में आए महिला, पुरुष व बच्चों ने अपने- अपने जरूरत के सामान खरीदे। मंदिर के मुख्य पुजारी सोनू गिरी ने बताया कि आमतौर पर मंदिर का कपाट भोर में चार बजे खुलता है, लेकिन कांवड़ियों की अधिक भीड़ को देखते हुए दो बजे ही आरती के बाद कपाट खोल दिया गया। मेला का संचालन रामचंद्र सिंह तथा अनुराग सेठ ने किया।