ब्लॉक प्रमुख पद के प्रतिष्ठापरक मुकाबले में भाजपा प्रत्याशी सत्येंद्र सिंह फन्टू बीस पड़ गए। वह अपने पिता पूर्व विधायक व 22 साल तक इसी सीट पर ब्लाक प्रमुख रहे स्वर्गीय विनोद सिंह की राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाने में कामयाब हो गए।
सत्येंद्र ने अपने प्रतिद्वंद्वी निवर्तमान ब्लॉक प्रमुख बृज लाल यादव की पत्नी एवं सपा प्रत्याशी चमेला देवी को 38 मतों से हराया। वह पूर्व डीजीपी जगमोहन यादव की भाभी हैं। शुरू से ही चमेला देवी अपने पति की राजनीतिक विरासत संभालने के लिए जद्दोजहद कर रही थीं, लेकिन इसमें कामयाब नहीं हो पाईं। शनिवार को हुए ब्लॉक प्रमुख के प्रतिष्ठापरक चुनाव में कुल 99 बीडीसी सदस्यों ने मताधिकार का प्रयोग किया, जिसमें भाजपा के सत्येन्द्र सिंह 68 मत पाकर विजयी घोषित किए गए, जबकि सपा प्रत्याशी चमेला देवी 30 मत पाकर दूसरे स्थान पर रहीं। निर्दलीय प्रत्याशी पूजा दुबे को एक भी मत मिला, जबकि एक मत अवैध घोषित किया गया।