केराकत। वर्षों तक सेवा देने के बाद अब अचानक बर्खास्तगी की कार्रवाई से गुस्साए जेवीएल कंपनी के कर्मचारियों ने सोमवार को झूला वनस्पति फैक्ट्री के सामने प्रदर्शन किया। कंपनी प्रबंधन के खिलाफ नारे लगाते हुए सरकार से हस्तक्षेप की मांग की।
पिछले तीन वर्ष से बंद झूला फैक्ट्री में कार्यरत करीब साढ़े तीन सौ कर्मचारियों को कोर्ट के फैसले के बाद बर्खास्त कर दिया गया है। सोमवार को कर्मचारी नाऊपुर पहुंचे। बंद फैक्ट्री के सामने विरोध-प्रदर्शन कर अपने गुस्से का इजहार किया। उनका कहना था कि रोजगार का सहारा छीनने के बाद अब हम लोगों के सामने भुखमरी की समस्या खड़ी हो गई है। उम्र के इस पायदान पर अब अन्यत्र कहीं नौकरी भी नहीं मिलेगी और न ही कोई ऐसी मजबूत आर्थिक स्थिति है कि कोई व्यवसाय अथवा रोजी रोटी का अन्य साधन ढूंढ सकें। प्रदर्शनकारियों ने शासन से गुहार लगाई कि उनकी मदद की जाए। प्रदर्शन में अशोक पांडेय, जितेंद्र प्रसाद सिंह, जनार्दन यादव, सुभाष चंद्र, खंझाटी यादव, पंचदेव राम, दिनेश कुमार, अरविंद सिंह, ध्रुपलाल, ओमप्रकाश भारती, दीनानाथ सिंह आदि शामिल रहे।
---