दूध बेचकर लौट रहे युवक से असलहे के बल पर लूट
3500 रुपये और मोबाइल लूटकर फरार हो गए बदमाश
संवाद न्यूज एजेंसी
सुईथाकला। सरपतहा थाना क्षेत्र के भगासा गांव के समीप मंगलवार की रात दूध बेचकर घर लौट रहे बाइक सवार युवक को रोककर बदमाशों ने असलहे के बल पर आतंकित कर उसके पास से 35 सौ रुपये और मोबाइल लूटकर फरार हो गए। बदमाशों ने युवक की बाइक की चाबी भी छीन ली। सूचना पर पहुंची पुलिस काफी देर तक पीड़ित से ही सवाल करने में उलझी रही। बाद में आस पास के कई गांवों में पुलिस ने दबिश दी। छह लोगों को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है।
बसौली निवासी अशोक कुमार यादव दूध का कारोबार करते हैं। वह मंगलवार की शाम दूध बेचकर शाहगंज से घर लौट रहे थे। वह बाइक से भगासा गांव के निकट पहुंचे थे तभी पीछे से आए एक ही बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने असलहे के बल पर उन्हें रोक लिया। बदमाशों उनके पास से 3500 रुपये, मोबाइल फोन और बाइक की चाबी लूटकर फरार हो गए। पुलिस ने रात में चौबाहां, भिवरहां, बसौली अमावकला गांव में छापामार कर छह लोगों को हिरासत में लिया है। पीड़ित के मुताबिक बदमाशों की उम्र 20 से 30 वर्ष के बीच रही होगी। जबकि पुलिस ने 70 वर्ष तक के लोगों को हिरासत में लिया है। इस संबंध में थानाध्यक्ष जेपी सिंह का कहना है कि घटना की सूचना पर पुलिस छानबीन में जुटी है। शीघ्र ही बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।