फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सड़कें सूनी, गलियां विरान, कोरोना पर जनता सावधान

विज्ञापन
06- लॉकडाउन चलते नईगंज तिराहे पर पसरा सन्नाटा। - फोटो : JAUNPUR
विज्ञापन
जौनपुर। जिले में कोरोना पॉजीटिव मरीज मिलने के बाद लॉक डाउन का पहले दिन व्यापक असर दिखा। सावधानी ही बचाव को मानते हुए ज्यादातर लोग घरों से बाहर नहीं निकले। सड़कों पर इक्का-दुक्का लोग दिखे, जो राशन, सब्जी, दवा, दूध जैसी जरुरी वस्तुओं के लिए घर से निकले थे। खरीददारी के बाद वह फिर से घर में चले गए। चौराहों-तिराहों पर पुलिसकर्मी आने-जाने वालों से रोककर उनसे बाहर निकलने का कारण पूछने के बाद ही जाने दे रहे थे। उस इलाके में ज्यादा सतर्कता दिखी, जहां से कोरोना पॉजीटिव मरीज मिला है।
विज्ञापन

सऊदी अरब से 15 मार्च को लौटे शहर के फिरोसेपुर मोहल्ला निवासी युवक में कोरोना पॉजीटिव की पुष्टि हुई है। इसके बाद सोमवार की रात से ही जिले को लॉक डाउन कर दिया गया। इसके बाद से ही लोग घरों में जाने लगे थे। मंगलवार की सुबह बाजार पूरी तरह बंद रहा। आवश्यक श्रेणी में शामिल सामानों की बिक्री करने वाले दुकानदारों ने भी डरते-डरते ही दुकानें खोली। सामान लेने आने वालों को भी वह दूर से ही सामान देते हुए आगाह भी कर रहे थे। शहर के पॉलीटेक्निक चौराहा, जेसीज चौराहा, सिपाह और ओलंदगंज चौराहे पर पुलिसकर्मी मुस्तैदी से डटे रहे। हर आने-जाने वालों को रोककर उनके बाहर निकलने का कारण पूछ रहे थे। जेसीज चौराहा पर बेवजह घूम रहे कई बाइक सवारों का पुलिस ने चालान भी किया। लोगों को हिदायत दी जाती रही कि घर से बाहर न निकलें। जरुरी काम से जा रहे हैं तो भी मास्क, ग्लब्स, सेनेटाइजर का इस्तेमाल करें। बेवजह घूम रहे लोगों को हिदायत भी दी गई कि अगर दोबारा बाहर दिखे तो एफआईआर दर्ज किया जाएगा।
आने या जाने पर एडीएम से लेनी होगी अनुमति
जौनपुर। कोरोना पॉजीटिव मरीज मिलने के बाद सोमवार की रात से जिले को लॉक डाउन कर दिया गया है। इस दौरान सिर्फ आवश्यक सेवाओं से जुड़ी दुकानें ही खोलने का आदेश है। डीएम दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि पहले 26 मार्च तक ही लाक डाउन था, जिसे बाद में 27 मार्च तक बढ़ा दिया गया है। डीएम ने बताया कि किराना की दुकानें दोपहर 12 से शाम 4 बजे तक खुलेंगी। कोई भी व्यक्ति निजी वाहन लेकर सड़क पर नहीं निकलेगा। आपातकालीन स्थिति में जिले से बाहर जाने के लिए एडीएम राजस्व या संबंधित एसडीएम से अनुमति लेनी होगी। कोई जिले में आएगा तो सीमा पर इंट्री देने से पहले उसकी मेडिकल जांच होगी, तभी प्रवेश दिया जाएगा। चाचकपुर सिपाह की फूल मंडी बंद रहेगी। दूधियों को नहीं रोका जाएगा।
विज्ञापन

होम डिलीवरी करने वालों को छूट
डीएम ने बताया कि ऐसे लोग जो भोजन बनाकर होम डिलीवरी करते हैं, उन्हें भी आने-जाने की छूट दी गई है। ऐसे लोग उन्हें व्हाट्सएप से जानकारी दे दें, ताकि उन्हें समुचित साधन मुहैया कराया जा सके। 27 तक लॉक डाउन रहेगा, इस बीच ऐसे भी लोग होंगे जिनके घरों में खाना बनाने की व्यवस्था नहीं होगी। यह लोग बाहर रेस्टूरेंट, ढाबों व होटल या होम डिलीवरी से खाना मंगाकर खाते हैं। उनकी कठिनाई को देखते हुए यह व्यवस्था की गई है। पशुओं के चारे और मुर्गी के दाने की बिक्री करने वाली दुकानें भी खुली रहेंगी। इनकी आपूर्ति के कोई रोक नहीं लगी है।
इन सेवाओं पर कोई रोक नहीं
लॉक डाउन के दौरान चिकित्सा, सुरक्षा, ऊर्जा, खाद्य एवं रसद, आपदा एवं राहत सामग्री, सूचना, अग्निशमन, आपातकालीन सेवाएं, डाक, बैंक, एटीएम, प्रिंट, इलेक्ट्रानिक व सोशल मीडिया, पेट्रोल पंप, गैस एजेंसी, पशु चिकित्सा एवं पशु आहार, दवा की दुकान, खाद्य सामानों की होम डिलेवरी, खाद्य सामानों की थोक व फुटकर दुकानों को प्रतिबंध से मुक्त रखा गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें