लखनऊ-वाराणसी रेल प्रखंड मार्ग पर मरम्मत कार्य चल रहा है। इसी क्रम में सिरकोनी के बाकराबाद फाटक पर रेलवे ट्रैक का मरम्मत कार्य शुरू हो गया है। ऐसे में दो दिन ये मार्ग प्रभावित रहेगा।
जौनपुर जिले के सिरकोनी क्षेत्र अंतर्गत लखनऊ-वाराणसी रेल प्रखंड मार्ग पर रेलवे विभाग द्वारा ट्रैक का मेनिमेंटस कार्य तेजी से किया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को बाकराबाद रेलवे गेट पर ट्रैक मरम्मत का कार्य विभाग द्वारा शुरू कराया गया। जिसको लेकर उक्त सिरकोनी बाकराबाद संपर्क मार्ग दो दिनों के लिए प्रभावित रहेगा।
विज्ञापन
सेक्सन इंजिनियर अरूण कुमार पांडेय ने बताया कि गेट नंबर 32 सी/ई2 बाकराबाद पर सोमवार की देर रात्रि से ही बीसीएम मशीन से ट्रैक की गिट्टियों की साफ-सफाई इत्यादि का कार्य करवाया जा रहा है। रेलवे ट्रैक मरम्मत का कार्य दो दिनों तक चलेगा। रेलवे ट्रैक मरम्मत कार्य पूर्ण हो जाने पर उक्त संपर्क मार्ग से आवागमन पुर्ण रूप से बहाल कर दिया जाएगा।
सेक्सन इंजिनियर ने बताया कि ट्रैक मरम्मत का कार्य रेलवे विभाग द्वारा दो साल में एक बार किया जाता है। जिससे रेलवे ट्रैक की मजबूती बनी रहती है और रेलवे पटरी से गुजराने वाली रेल गाड़ियां अपनी निर्धारित रफ्तार से गुजरती हैं। इस कार्य में रेलवे विभाग के जेई संदीप कुमार व मेठ राना के साथ सैकड़ों रेलवे कर्मचारी लगे हुए हैं।
विज्ञापन
इस रूट से गुजरने वाली ट्रेनों के प्रभावित होने के संबंध में स्टेशन अधीक्षक जफराबाद सुनील कुमार बताते हैं कि रेलवे पथ निरीक्षक द्वारा ब्लाक मांगने के बाद ही ट्रेनें प्रभावित होती है।