सिकरारा। नाम बदलकर कई साल से पुलिस को भ्रमित करने वाले 25 हजार के इनामी हिस्ट्रीशीटर सुनील उपाध्याय को शनिवार की रात पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। रविवार को एएसपी ग्रामीण शैलेंद्र कुमार ने बताया कि आरोपी के पास से ओम उपाध्याय के नाम से बनवाया गया फर्जी आधार कार्ड, पैनकार्ड व मतदाता पहचान पत्र बरामद हुआ है।
एएसपी ग्रामीण शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि सिकरारा थाना क्षेत्र के ताहिरपुर गांव निवासी सुनील उपाध्याय के खिलाफ सिकरारा थाने में हत्या, लूट-हत्या, गैंगस्टर, गुंडा एक्ट समेत सात मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने उसकी हिस्ट्रीशीट खोल रखी है। उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित है। आरोपी ने पुलिस को चकमा देने के लिए ओम उपाध्याय के नाम से आधार कार्ड, पैनकार्ड व वोटर आईडी बनवा लिया था। न्यायालय से वारंट जारी होने के बाद उसकी तलाश में जब पुलिस टीम जाती तो वह अपना नाम ओम उपाध्याय बताते हुए फर्जी पहचानपत्र दिखा देता था। इस बार वारंट जारी होने पर पुलिस टीम उसके घर पहुंची। तब उसने फिर फर्जी कागजात के जरिये को पुलिस को चकमा देने की कोशिश की। लेकिन, शक होने पर पुलिस ने गांव वालों से पूछताछ की। ग्रामीणों ने फोटो देखकर बताया कि यह व्यक्ति सुनील उपाध्याय है। इस परिवार में ओम नाम का कोई व्यक्ति है ही नहीं। पुलिस ने तब कुटुंब रजिस्टर, राशनकार्ड आदि खंगालने के बाद सुनील को दबोच लिया। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने स्वीकार कर लिया कि वही सुनील उपाध्याय है। धोखाधड़ी, जालसाजी आदि धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी का चालान कर दिया गया।