करंजाकला। पूर्वांचल विश्वविद्यालय का 25वां दीक्षांत समारोह शुक्रवार को आयोजित किया जाएगा। इसमें सर्वोच्च अंक पाने वाले 65 मेधावियों को स्वर्ण पदक प्रदान किया जाएगा। साथ ही 96 शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि दी जाएगी। मुख्य अतिथि पद्मश्री प्रो. जेएस राजपूत और प्रो. दीपक पठानिया को डीएससी की उपाधि प्रदान की जाएगी।
पूर्वांचल विश्वविद्यालय के महंत अवेद्यनाथ संगोष्ठी भवन में गुरुवार बृहस्पतिवार को को दीक्षांत समारोह का पूर्वाभ्यास किया गया। कुलपति प्रो. निर्मला एस मौर्य ने स्वर्ण पदक पाने वाले विद्यार्थियों को समझाया कि वह कैसे कल मंच पर आकर अपना मेडल लेेंगे। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल मेधावियों को स्वर्ण पदक प्रदान करेंगी। मुख्य अतिथि एनसीईआरटी के पूर्व निदेशक पद्मश्री प्रो. जेएस राजपूत होंगे। पूर्वाभ्यास की शुरुआत में शोभायात्रा निकाली गई, जिसका नेतृत्व कुलसचिव महेंद्र कुमार ने किया। इसमें विद्या परिषद और कार्य परिषद के सदस्य शामिल हुए। पूर्वाभ्यास का संचालन डा. मनोज मिश्र ने किया। कुलपति ने बताया कि विश्वविद्यालय के हेलीपैड पर सुबह 9.30 बजे कुलाधिपति का आगमन होगा। 9.55 बजे वह संगोष्ठी भवन में पहुंचेंगी। 10 बजे से 12:34 बजे तक दीक्षांत समारोह चलेगा। इसमें कुलाधिपति 65 मेधावियों को स्वर्ण पदक प्रदान करेंगी। इसमें स्नातक के 18 विद्यार्थियों में सात छात्र एवं 11 छात्राएं हैं। इसी तरह परास्नातक में 47 विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक मिलेगा, जिसमें 13 छात्र व 34 छात्राएं शामिल हैं।
पदक पाने वालों की यह ड्रेस होगी
समारोह में पदक पाने वालों को वेशभूषा के संबंध में दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। छात्राओं को सफेद सलवार, सफेद दुपट्टा, हल्के रंग का कुर्ता या हल्के रंग की साड़ी धारण करने को कहा गया है। स्वर्णपदक छात्र हल्के रंग की पूरी बांह की शर्ट, गाढ़े रंग की पैंट ही पहनेंगे। छात्राओं का जींस, टाप के अलावा काला, नेवी ब्लू, ब्राउन रंग की पैंट, जींस, टी-शर्ट पहनना वर्जित किया गया है।