01- पॉलिटेक्निक चौराहे पर रक्षाबंधन पूर्व की संध्या पर राखी खरीदती किशोरी।
- फोटो : JAUNPUR
जौनपुर। भाई-बहन के प्रेम का प्रतीक रक्षाबंधन पर्व को लेकर रविवार को तैयारियां जोरों पर रही। रविवार की संपूर्ण बंदी में भी राखी और मिठाई की दुकानें खुली रहीं। भइया की कलाई को अपने प्रेम के धागे से सजाने के लिए उत्साहित बहनें राखी की खरीदारी में मशगूल रहीं। छुट्टी का दिन होने के कारण कई बहनें एक दिन पहले ही भाई के घर रवाना हो गई, ताकि सोमवार को रक्षाबंधन के बाद वह वापस लौट सकें। त्योहार को लेकर बाजार में चहल-पहल बनी रही। सोमवार को भी राखी और मिठाई की दुकानें सुबह छह बजे से ही खुल जाएंगी।
सावन पूर्णिमा को मनाए जाने वाले रक्षाबंधन पर्व को लेकर भाई-बहन में उत्साह है। कई दिन पहले से ही बाजारों में इसका असर दिख रहा था। प्रत्येक सप्ताह शनिवार और रविवार को संपूर्ण बंदी के कारण ज्यादातर लोगों ने शुक्रवार को ही खरीदारी कर ली थी। हालांकि पर्व के मद्देनजर इस बार शनिवार व रविवार को भी दुकानें खुली रहीं। रंग-बिरंगी राखियों की खरीदारी में बहनें उत्साह से जुटी रहीं। शहर के पॉलीटेक्निक चौराहा, ओलंदगंज, जेसीज चौराहा, चहारसू, कोतवाली चौराहा पर राखी की दुकानों पर महिलाएं खरीदारी करती नजर आईं तो मिठाई की दुकानों भी ग्राहक डटे रहे। सोमवार को सुबह दस बजे के बाद दुकान खोलने की व्यवस्था के चलते व्यापारी परिवार से जुड़ी महिलाएं रविवार के दिन ही मायके का रुख कर चुकी थी, ताकि सोमवार को समय से राखी बांधकर वह वापस लौट सके। कमोवेश ऐसी ही स्थिति भाइयों की भी रही। वह भी एक दिन पहले ही छुट्टी में बहन के घर पहुंच गए थे। इस कारण अन्य दिनों की बंदी के सापेक्ष इस बार सड़कों पर चहल-पहल अधिक रही। जगह-जगह पुलिस, पीएसी और होमगार्ड के जवान ड्यूटी पर मुस्तैद नजर आए।---
सुबह 8.28 के बाद शुरू होगा शुभ मुहूर्त
जौनपुर। आचार्य डॉ. रजनीकांत द्विवेदी का कहना है कि राखी बांधने के लिए सुबह 8.28 बजे के बाद से रात 8.20 बजे के बीच शुभ मुहूर्त है। इसके बीच बहनें किसी भी समय भाइयों की कलाई में राखी बांध सकती हैं। सोमवार को दिन होने के नाते पूरा दिन शुभ है।