मल्हनी। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 की विषम सेमेस्टर परीक्षाओं के परीक्षा फॉर्म भरने के लिए 5 नवंबर तक की तिथि बढ़ा दी है। छात्र पांच नवंबर तक विषय चयन, सत्यापन और छह तक परीक्षा शुल्क जमा कर सकेंगे।
विद्यार्थी पांच नवंबर तक ऑनलाइन विषयों का चयन और सत्यापन करने के साथ परीक्षा फॉर्म भर सकेंगे। वहीं, परीक्षा शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि छह नवंबर निर्धारित की गई है।
परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनोद कुमार सिंह की ओर जारी निर्देश के अनुसार, स्नातक स्तर के प्रथम और तृतीय सेमेस्टर तथा परास्नातक स्तर के सप्तम और नवम सेमेस्टर के संस्थागत एवं कैरी फॉरवर्ड परीक्षा फॉर्म समर्थ पोर्टल के माध्यम से भरे जाएंगे।
विद्यार्थियों को विषयों और प्रश्नपत्रों का चयन सावधानीपूर्वक करने के निर्देश दिए गए हैं। फॉर्म भरने में किसी प्रकार की त्रुटि होने पर संबंधित महाविद्यालय के प्रशासनिक अधिकारी से संपर्क करना होगा।
वहीं स्नातक पंचम सेमेस्टर के संस्थागत एवं कैरी फॉरवर्ड, प्रथम सेमेस्टर के छूटे हुए संस्थागत और तृतीय सेमेस्टर के छूटे हुए कैरी फॉरवर्ड परीक्षा फॉर्म पहले की तरह विश्वविद्यालय पोर्टल से भरे जाएंगे। इसी तरह परास्नातक सप्तम सेमेस्टर के छूटे हुए संस्थागत और नवम सेमेस्टर के छूटे हुए कैरी फॉरवर्ड परीक्षा फॉर्म भी विश्वविद्यालय पोर्टल के माध्यम से भरे जाएंगे।
परीक्षा फॉर्म से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए विश्वविद्यालय ने हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। इस पर सुबह 10 से शाम छह बजे तक सहायता प्राप्त किया जा सकता है।
इसके अलावा विद्यार्थी अपनी समस्या ई-मेल के माध्यम से भी भेज सकते हैं। विश्वविद्यालय ने सभी महाविद्यालयों और विभागाध्यक्षों को विद्यार्थियों को समय से सूचना देने तथा निर्धारित समय सीमा में परीक्षा फॉर्म भरवाने के निर्देश दिए हैं। समय सीमा के भीतर प्रक्रिया पूरी नहीं होने पर संबंधित महाविद्यालय जिम्मेदार होंगे। संवाद