पूर्वांचल विश्वविद्यालय (फाइल फोटो)
- फोटो : अमर उजाला
पूर्वांचल विश्वविद्यालय के कुलपति सभागार में कुलपति प्रो. निर्मला एस मौर्य की अध्यक्षता में कार्य परिषद की बैठक हुई। इसमें 25 अगस्त को हुई वित्त समिति की बैठक में शामिल प्रस्तावों का अनुमोदन किया गया। शासन के निर्देश पर आजमगढ़ राज्य विश्वविद्यालय को 50 करोड़ की धनराशि देने के प्रस्ताव को स्वीकृति दे दी गई।
अध्यक्ष की अनुमति पर उच्च न्यायालय प्रयागराज में विश्वविद्यालय के विरुद्ध दायर याचिकाओं की पैरवी के लिए रणविजय सिंह को अधिवक्ता पैनल में नामित किया गया। कुलाधिपति के निर्देश पर विश्वविद्यालयों में डिजिटल इंफ्रास्टक्चर, ई-लर्निग रिर्सोसेज डिजिटल लाइब्रेरी, वीडियो लेक्चर की रिकार्डिंग के लिए स्टूडियो बनाने का प्रस्ताव राजभवन को भेजने का निर्णय लिया गया।
विश्वविद्यालय के अधीन अशासकीय अनुदानित महाविद्यालयों में संचालित स्ववित्तपोषित योजना अंतर्गत पाठयक्रमों और अशासकीय अनुदानित स्ववित्तपोषित महाविद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों और शिक्षणेतर कर्मचारियों के वेतन व सेवा शर्तों व शासनादेश का पालन किया जाएगा।
कर्मचारी पृथ्वीराज सिंह की मृत्यु के बाद उनके पाल्य शील निधि सिंह को कनिष्ठ सहायक पद पर नियुक्त किया गया। विवि की आय का शिक्षक और कर्मचारियों पर 75 एवं 25 प्रतिशत प्रशासनिक कार्यो में खर्च करने पर समिति ने सहमति जताई।