वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल के सत्र 2019-20 की अधूरी परीक्षाएं कराने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन परीक्षा कार्यक्रम तैयार कर रहा है। परीक्षा कार्यक्रम 17 मई को जारी करने और परीक्षा 27 मई से कराने के लिए परीक्षा संचालन समिति ने प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेज दिया है। शासन से अनुमति मिलने के बाद परीक्षा शुरू हो जाएगी। परीक्षा के लिए 698 केंद्र बनाए गए हैं।
विश्वविद्यालय की परीक्षाएं 25 फरवरी से शुरू हुई थी। एक पखवारे तक परीक्षा कराई गई थी। उसके बाद कोरोना के संक्रमण के कारण लाकडाउन के कारण परीक्षा स्थगित कर दी गई। 17 मई तक लॉकडाउन खत्म होता है तो परीक्षाएं शुरू हो सकती है। विश्वविद्यालय की परीक्षा कराने के लिए गठित परीक्षा संचालन समिति ने बैठक कर परीक्षा कराने के लिए प्रस्ताव बनाकर शासन को भेज दिया है।
परीक्षा समिति ने 17 मई तक परीक्षा कार्यक्रम जारी करने के साथ 27 मई से परीक्षा कराने की तिथि तय किया है। 17 मई तक परीक्षा कार्यक्रम विवि के वेबसाइट पर अपलोड करना है। मुख्य परीक्षा में कुल 475210 अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं। इसमें स्नातक के 408683 और स्नातकोत्तर के 66527 छात्र है। परीक्षा के लिए प्रस्ताव बनाकर भेजने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन परीक्षा की तैयारी में जुटा है। कालेजों को परीक्षा कराने के लिए पत्र जारी कर दिया है।