लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मान्यता प्रमाण पत्र प्राप्त कर
मल्हनी। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के इंक्यूबेशन सेंटर को प्रदेश सरकार ने मान्यता प्रमाण पत्र जारी कर दिया है। बृहस्पतिवार को लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह और इंक्यूबेशन सेंटर के कार्यकारी निदेशक प्रो. अविनाश पाथर्डीकर को मान्यता प्रमाण पत्र प्रदान किया। उत्तर प्रदेश की स्टार्टअप नीति को गति देने के उद्देश्य से आयोजित कार्यक्रम में पूर्वांचल विश्वविद्यालय के इंक्यूबेशन सेंटर को यह महत्वपूर्ण उपलब्धि मिली। विश्वविद्यालय प्रशासन का मानना है कि इस मान्यता के बाद विश्वविद्यालय से जुड़े स्टार्टअप और इनक्यूबेटीज को सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने में आसानी होगी। कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह ने बताया कि मान्यता मिलने से स्टार्टअप को सीड फंडिंग, प्रोत्साहन राशि और स्टार्टअप विकास से जुड़ी अन्य सरकारी सुविधाओं तक पहुंच आसान होगी। इससे विश्वविद्यालय परिसर में नवाचार और उद्यमिता की संस्कृति को मजबूती मिलेगी तथा युवाओं को अपने नए विचारों को व्यवसाय के रूप में विकसित करने का बेहतर अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश स्टार्टअप नीति-2026 पुस्तिका का विमोचन और उत्तर प्रदेश स्टार्टअप मिशन पोर्टल का शुभारंभ भी किया गया। इस दौरान बताया गया कि स्टार्टअप नीति के तहत 107 स्टार्टअप को 3.42 करोड़ रुपये से अधिक और नौ इनक्यूबेटीज को 1.79 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि वितरित की गई।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए मजबूत स्टार्टअप पारिस्थितिकी तंत्र विकसित करने पर जोर दिया। कार्यक्रम में वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री सुनील कुमार शर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
सेंटर के कार्यकारी निदेशक प्रो. अविनाश पाथर्डीकर ने कहा कि यह मान्यता पूर्वांचल विश्वविद्यालय के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे पूर्वांचल क्षेत्र के विद्यार्थियों, शोधार्थियों और नवोदित उद्यमियों को अपने नवाचारों और विचारों को स्टार्टअप का रूप देने तथा उन्हें आगे बढ़ाने के बेहतर अवसर मिलेंगे।