वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के एकलव्य स्टेडियम में शनिवार से शुरू हुए पूर्वी क्षेत्र अंतर विश्वविद्यालयीय महिला क्रिकेट प्रतियोगिता के उद्घाटन मैच में पूर्वांचल विश्वविद्यालय ने पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय रायपुर छत्तीसगढ़ को
पांच विकेट से हराकर अगले चक्र में प्रवेश किया। टास जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पूर्वांचल विश्वविद्यालय ने निर्धारित 20 ओवर में 80 रन का स्कोर खड़ा किया। नीतू गौर और अलका सिंह ने 19-19 रन, शोभा ने 12 और शेफाली
ने 10 रन बनाया। रविशंकर विवि की ओर से आदिला खान ने तीन, अनुप्रिया और सकिरा बानो ने एक-एक विकेट लिया। जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय की टीम 16.2 ओवर में 28 रन बनाकर आउट हो गई।
प्रतियोगिता का उद्घाटन कुलपति प्रो. पीयूष रंजन अग्रवाल ने किया। उन्होंने कहा कि खेल से विश्वविद्यालय भावनात्मक रूप से जुड़ा हुआ है। विश्वविद्यालय की गतिविधियों में खेल का बहुत बड़ा हिस्सा है। जौनपुर से पूरब की ओर राज्यों में
प्राकृतिक संसाधन प्रचुर मात्रा में है। पूर्वी क्षेत्र के विद्यार्थियों का विकास संस्कृति से जुड़कर हुआ है। पूर्वी क्षेत्र के राज्य खेल व संस्कृति में बहुत आगे है।
उन्होंने कहा कि खिलाडिय़ों को सिर्फ खेल के मैदान में ही अव्वल नहीं होना है बल्कि जिस संस्थान से आये है वहां पढ़ाई में भी आगे बढ़ना है।
इस दोहरी चुनौती में सफल होने वालों को जीवन में दोहरा लाभ मिलता है। खेलकूद परिषद के अध्यक्ष डा. हरिशंकर सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय लगातार सफल खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन करता चला आ रहा है।
इसीलिए पूर्वी क्षेत्र की इस प्रतियोगिता को सम्पन्न कराने के लिए विश्वविद्यालय को यह जिम्मेदारी मिली है। खेलकूद परिषद के पूर्व सचिव डा. देवेंद्र सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया।
इस मौके पर प्रो. बीबी तिवारी, वित्त अधिकारी एमके सिंह, डा.एचसी पुरोहित, डा.अविनाश पाथर्डीकर, डा. बीडी शर्मा, डा. रामआसरे शर्मा, डा.हरेंद्र सिंह, डा. मनोज मिश्र, डा. दिग्विजय सिंह राठौर, डा.अर्पिता मिश्रा, डा. रजनीश भास्कर, डा. केएस तोमर, भूपेंद्र वीर सिंह, रजनीश सिंह आदि मौजूद रहे। संचालन अशोक सिंह एवं धन्यवाद ज्ञापन खेल सचिव विपिन चंद्र अस्थाना ने किया।