मल्हनी। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय ने सेमेस्टर परीक्षाओं को देखते हुए विद्यार्थियों के लिए उत्तर पुस्तिका भरने संबंधी दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनोद कुमार सिंह ने बताया कि विद्यार्थियों को उत्तर पुस्तिका में मांगी गई सभी प्रविष्टियां सावधानीपूर्वक और सही तरीके से भरने की हिदायत दी है। कक्ष निरीक्षकों को भी उत्तर पुस्तिकाओं का सत्यापन करने के बाद ही हस्ताक्षर करने के निर्देश दिए हैं। विद्यार्थियों को उत्तर पुस्तिका में प्रश्नपत्र कोड, परीक्षा की तिथि, विषय सहित अन्य निर्धारित जानकारियां सही-सही दर्ज करनी होंगी।
प्रश्नपत्र पर दिए गए कोड को देखकर ही उत्तर पुस्तिका में भरना होगा। इसके अलावा पिता और माता का नाम समेत अन्य विवरण भी उत्तर पुस्तिका के पहले पृष्ठ के पीछे दिए गए निर्देशों के अनुसार भरने होंगे। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि उत्तर पुस्तिका की सभी प्रविष्टियां भरने के लिए केवल नीले या काले बॉल पेन का ही प्रयोग किया जाए।
कक्ष निरीक्षकों को निर्देशित किया गया है कि वे उत्तर पुस्तिका पर हस्ताक्षर करने से पहले सभी प्रविष्टियों का मिलान कर लें। यह सुनिश्चित करें कि विद्यार्थी ने निर्धारित स्थानों पर सही जानकारी भरी है। संवाद