वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय परिसर में संचालित पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए काउंसिलिंग जुलाई के दूसरे सप्ताह से शुरू होगी। प्रवेश परीक्षा समिति की बैठक में काउंसिलिंग की तिथि तय की गई है। सभी विषय की सीटों को भरने के लिए समिति ने खाका तैयार कर लिया है। प्रवेश के लिए आवेदन 30 जून तक लिए जाएंगे।
पूर्वांचल विश्वविद्यालय परिसर में करीब 46 कोर्स संचालित है। प्रवेश परीक्षा का रिजल्ट घोषित होने के बाद जुलाई के दूसरे सप्ताह में काउंसलिंग कराने की तैयारी है। विश्वविद्यालय प्रशासन के मुताबिक अभी तक करीब 2500 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। प्रवेश परीक्षा के समन्वयक डॉ. रजनीश भास्कर ने बताया कि काउंसिलिंग की तिथि जल्द ही घोषित की जाएगी। बताया कि विश्वविद्यालय के विज्ञान संकाय में एमएससी बायो टेक्नोलॉजी, एमएससी, माइक्रोबायोलॉजी, एमएससी बायोकेमेस्ट्री, एमएससी एनवायरमेंटल साइंस, प्रबंध अध्ययन संकाय में एमबीए, एमबीए बिजनेस इकोनॉमिक्स, एमबीए एचआरडी, एमबीए फाइनेंस कंट्रोल, एमबीए ई-कॉमर्स, एमबीए एग्रीबिजनेस, इंजीनियरिंग संकाय में एमसीए और अनुप्रयुक्त सामाजिक विज्ञान संकाय में एमए जनसंचार एवं पत्रकारिता, एमए व्यावहारिक मनोविज्ञान में प्रवेश के लिए परीक्षा कराई गई थी। प्रोफेसर राजेंद्र सिंह रज्जू भैया इंस्टीट्यूट ऑफ फिजिकल साइंस फॉर स्टडी एंड रिसर्च में एमएससी फिजिक्स, एमएससी केमिस्ट्री, एमएससी मैथमेटिक्स, एमएससी एप्लाइड जियोलॉजी और फैकल्टी ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज के अंतर्गत बीकॉम (ऑनर्स) पाठ्यक्रम और बीए-एलएलबी (ऑनर्स) पंचवर्षीय इंटीग्रेटेड कोर्स में प्रवेश होगा। इंजीनियरिंग संस्थान के दस पाठ्यक्रमों में दाखिला लिया जाएगा। पूर्वांचल विश्वविद्यालय परिसर में चालू सत्र से कुछ नए पाठ्यक्रमों की पढ़ाई शुरू करने की तैयारी है। ज्योतिष शास्त्र, कर्मकांड और वास्तुशास्त्र, बीटेक कंप्यूटर इंजीनियरिंग, बीटेक इलेक्टि्कल इंजीनियरिंग, बीटेक इलेक्ट्रानिक्स ऑनर्स, बीटेक आईओपी, बीटेक डाटा साइंस, बीटेक एआई एंड मशीन लर्निंग , इंटीग्रे़टेड एमसीए, एमएससी फूड साइंस एंड टेक्नोलाजी और एलएलएम के पाठ्यक्रम शुरू होंगे।