जौनपुर। कोरोना के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। ‘दो गज दूरी, मास्क है जरूरी’ जैसी पते की बात लोग भूल ही गए हैं। सतर्कता नहीं बरतने के कारण बीमारी के फैलने का खतरा बना हुआ है। बिना मास्क लगाए घूमने वालों पर जुर्माना वसूलना है लेकिन कौन सख्ती करे जब पुलिस वाले ही इस ओर से उदासीन हैं।
मास्क न लगाने वालों के प्रति लॉक डाउन के दौरान बेहद सख्ती थी। खूब जुर्माना भी वसूल किया गया। अब तक जिले में बिना मास्क घूमने वालों से लगभग एक करोड़ रुपये का जुर्माना वसूल किया गया है। मगर दीपावली के बाद से हालात बदले हुए हैं। आमजन तो मास्क के प्रति लापरवाह हुआ ही है, उनको इसके लिए बाध्य करने वाले पुलिसकर्मी भी बिना मास्क के ही घूमते देखे जा सकते हैं। रविवार को शहर के तमाम जगहों आमजन और पुलिसकर्मी बिना मास्क घूमते नजर आए।
तीन सवारी थे दरोगा जी, मास्क था न हेलमेट
दोपहर 2:30 बजे जेसीज चौराहे से आगे टीडी कॉलेज रोड पर जाम लगा था। जाम में फंसे अधिकतर लोगों ने या तो मास्क नहीं लगाया था या फिर मास्क चेहरे से नीचे था। इसी भीड़ से गुजर रहे एक दरोगा बाइक पर तीन सवारी के साथ जा रहे थे। किसी ने भी मास्क नहीं लगाया था। भीड़ में बिना मास्क के लोगों को देखने से कतई नहीं लग रहा था कि उन्हें कोरोना का कोई खौफ है।
गर्दन के नीचे झूल रहा था मास्क
दिन में करीब 3:15 बजे: ओलंदगंज चौराहे पर जाम लगा था। एक दरोगा, दो सिपाही और पांच होमगार्ड के जवान यहां यातायात व्यवस्था ठीक करने की मशक्कत कर रहे थे। होमगार्ड के जवान मास्क लगाए थे जबकि दरोगा और दोनों सिपाही बिना मास्क के ही ड्यूटी निभा रहे थे। यहां भी जाम में फंसे दो पहिया वाहनों पर सवार लोगों में से अधिकतर लोग बिना मास्क के ही थे। यही स्थिति दिन में 12:30 बजे शहर के नवाब युसूफ रोड पर घग्घा चौरहे पर थी।
मॉस्क न लगाने वालों से पांच सौ रुपये जुर्माना वसूल किया जाता है। लॉकडाउन के बाद से जिले में मॉस्क न लगाने पर करीब 20 हजार लोगों से अभी तक एक करोड़ रुपये जुर्माना वसूल किया गया है। सभी थानेदारों को मॉस्क न लगाने वालों पर सख्ती बरतने के निर्देश दिए गए हैं। -डॉ संजय कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक नगर।
ओलन्दगंज कचहरी रोड पर जाम के दौरान बिना मास्क लगाए ई रिक्शा चालक जो खुद भी मास्क नही लगाया है से बा- फोटो : JAUNPUR
आलन्दगंज टीडी कालेज रोड पर बिना मास्क के घूमते लोग।- फोटो : JAUNPUR