जौनपुर। दुकानों के बाहर कचरा फेंकने वालों के साथ नगर पालिका प्रशासन सख्ती बरतने जा रहा है। मंगलवार को विशेष अभियान चलाकर दुकानों में डस्टबिन की जांच की जाएगी। कूड़ेदान से बाहर कचरा फेंकने वालों पर कार्रवाई होगी।
शहर को साफ-सुथरा रखने के लिए रात में सफाई कराई जा रही है। रात दस बजे के बाद सफाई कर्मचारी झाड़ू लगाते हैं। सुबह शहर स्वच्छ नजर आता है। नगर पालिका प्रशासन ने सभी दुकानदारों से दुकान बंद करते समय कचरा सड़क पर डालने को कहा गया है ताकि उसे रात में ही हटा दिया जाए। उसके बाद दिन भर का सारा कचरा दुकान के भीतर कूड़ेदान में ही रखना है। मगर कई जगह दुकानदार इस पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। दिन भर कूड़ा सड़कों पर फेंकते रहते हैं। जिलाधिकारी ने इस पर रोक लगाने के लिए मंगलवार को विशेष जांच अभियान चलाने को कहा है। छह मजिस्ट्रेट अलग-अलग क्षेत्रों में जाकर दुकानों पर डस्टबिन की स्थिति की जांच करेंगे। जिलाधिकारी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि जिस दुकान के बाहर कूड़ेदान नहीं होगा और कूड़ा इधर-उधर बिखरा दिखेगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। दुकानदारों से कोरोना संक्रमण को देखते हुए मास्क के इस्तेमाल पर भी ध्यान देने को कहा गया है।