स्वतंत्र फोटो- सहकारी कालोनी पश्चिमी में सोमवार की रात करीब 8 बजे जर्जर और लटके बिजली के तार आप
जौनपुर। भीषण गर्मी में बिजली व्यवस्था चरमरा गई है। लगातार हो रही बिजली कटौती, बार-बार ट्रिपिंग और लो वोल्टेज की समस्या से नगर से लेकर देहात तक के लोग परेशान हैं। नगरों में तीन से चार घंटे जबकि गांवों में छह से सात घंटे तक बिजली कटौती की जा रही है।
खेतासराय: नगर में साढ़े 21 घंटे व ग्रामीण क्षेत्रों में 18 घंटे बिजली आपूर्ति का आदेश है। धरातल पर उपभोक्ताओं को निर्धारित समय के मुकाबले काफी कम बिजली मिल पा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर में लगातार 10 से 12 घंटे व ग्रामीण क्षेत्रों में मुश्किल से 5 से 6 घंटे ही लगातार बिजली मिल पा रही है। बार-बार कटौती और लंबे समय तक आपूर्ति बाधित रहने से कारोबार प्रभावित हो रहा है।
जेई संजय कुमार प्रजापति ने बताया कि आंधी और बारिश के दौरान पेड़ों की डालियां बिजली लाइनों पर गिरने से आपूर्ति बाधित हो जाती है। विभाग की टीम लगातार पेट्रोलिंग कर फाल्ट को ठीक कर आपूर्ति बहाल करने का कार्य कर रही है।
मुफ्तीगंज : क्षेत्र के उपभोक्ता कृष्णानंद राय, श्रीकांत यादव, संदीप राय, रविशंकर पांडेय, अर्जुन विश्वकर्मा आदि लोगों ने बताया कि क्षेत्र को मुश्किल से आठ से दस घंटे ही बिजली मिल पा रही है। लो-वोल्टेज की समस्या लोगों की मुश्किलें बढ़ा रही है।