जौनपुर। लाइन बाजार थाना क्षेत्र के अपहरण व रंगदारी के मामले में पूर्व सांसद धनंजय सिंह एवं उनके सहयोगी संतोष विक्रम के खिलाफ आरोप पत्र पुलिस ने सीजेएम कोर्ट में दाखिल कर दिया। आरोप पत्र दाखिल होने के बाद सीजेएम ने पूर्व सांसद धनंजय को जिला कारागार से 14 अगस्त को तलब किया है। जिससे उन्हें आरोप पत्र की नकल दी जा सके तथा पत्रावली सेशन कोर्ट में सुपुर्द की जा सके। आरोपी संतोष विक्रम जमानत पर है इसलिए कोर्ट ने उसे जरिए समन तलब किया है।10 मई को नमामि गंगे के प्रोजेक्ट मैनेजर अभिनव सिंघल का अपहरण करने और रंगदारी मांगने का धनंजय और विक्रम पर आरोप है। वादी का कहना था कि आरोपियों ने जबरन गिट्टी, बालू आपूर्ति के लिए दबाव डालते हुए धमकी दी। रंगदारी मांगी गई। हालांकि बाद में वादी मजिस्ट्रेट को दिए बयान में घटना से मुकर गया लेकिन अन्य साक्ष्यों के आधार पर विवेचक ने आरोपियों के खिलाफ आरोप पत्र न्यायालय में दाखिल किया है।
दीवानी अधिवक्ता संघ चुनाव की तिथि घोषित
जौनपुर। दीवानी न्यायालय अधिवक्ता संघ की एल्डर कमेटी की बैठक में अधिवक्ता संघ के चुनाव के लिए तिथि घोषित कर दी गई। गुरुवार को हुई एल्डर कमेटी की बैठक में तय किया गया कि दीवानी न्यायालय अधिवक्ता संघ का चुनाव 4 सितंबर को होगा।
इसके पहले अधिवक्ताओं ने एल्डर कमेटी को दरखास्त देकर मांग किया थी कि चुनाव संपन्न कराने के लिए साधारण सभा की बैठक बुलाई जाय। कोविड -19 और इसके बढ़ते संक्रमण को देखते हुए एल्डर कमेटी की ओर से जिलाधिकारी से अनुमति के लिए अनुरोध पत्र भेजा गया। डीएम की ओर से पत्र का कोई जवाब नहीं मिला तो एल्डर कमेटी की ओर से गठित समिति के सदस्य ने जिलाधिकारी से मिलने में असमर्थता व्यक्त की। आखिरकार एल्डर कमेटी के सदस्यों की बैठक हुई। चुनाव के मुद्दे पर गंभीरता से विचार विमर्श किया गया और 4 सितंबर को चुनाव की तिथि घोषित की गई। इसकी सूचना जिलाधिकारी व जनपद न्यायाधीश को भी भेजी गई है।