जौनपुर जिले के सिकरारा थाना क्षेत्र के बरगुदर पुल के पास मंगलवार को दोपहर में सई नदी के किनारे जल रही चिता को बुझाकर पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जब चिता बुझाई गई, उस वक्त तक लाश 70 फीसदी से अधिक जल चुकी थी। मृतका के भाई ने बहन की मौत को संदिग्ध बताते हुए पुलिस को सूचना दी थी। बक्शा पुलिस मौके से मृतका के पति को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
बक्शा थाना क्षेत्र के मझौली गांव निवासी रमेश प्रजापति की पत्नी कल्पना प्रजापति(30) की मंगलवार को संदिग्ध हाल में मौत हो गई। मृतका के भाई मड़ियाहूं क्षेत्र के बेलवा रामसागर निवासी नन्हेलाल प्रजापति का आरोप है कि उन्हें फोन पर सूचना दी गई कि कल्पना घर में सीढ़ी से गिर कर अचेत हो गई। इस सूचना पर वह घर पहुंचे तो पता चला कि डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया तो परिजन शव लेकर अंतिम संस्कार के लिए चले गए।
शक होने पर नन्हे लाल प्रजापति ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची सिकरारा और बक्शा थाने की पुलिस ने चिता बुझाकर लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष बक्शा विनोद सिंह का कहना है कि मृतका के भाई की शिकायत पर शव को चिता से उठाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतका के पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर कार्रवाई की जाएगी।