सिकरारा। शासन की सख्त हिदायतों के बाद हर्ष फायरिंग के मामले में पुलिस सुस्ती बरत रही है। बेलसड़ी गांव में बृहस्पतिवार की रात तिलकोत्सव के दौरान हुई फायरिंग में अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। पुलिस की दलील है कि अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज किया जाएगा। इस बीच मामले के सुलह की भी कोशिश शुरू हो गई है। उधर, फायरिंग में घायल को बालक को अस्पताल से छुट्टी मिलने पर घर ले आया गया है।
बेलसड़ी गांव में बृहस्पतिवार को हिमांशू तिवारी के तिलक कार्यक्रम के दौरान कुछ युवकों ने हर्ष फायरिंग की थी। गोली लगने से वहां मौजूद पड़ोस का अमित उर्फ विभू तिवारी (11) घायल हो गया था। उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से वाराणसी रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों का कहना है कि वह खतरे से पूरी तरह बाहर है। बारूद के घाव भरने में ज्यादा वक्त लगता है। कोरोना संक्रमण को देखते हुए मरीज को केवल ड्रेसिंग के लिए अस्पताल में रोकना ठीक नहीं है। लिहाजा शुक्रवार को परिजन घर ले गए। उधर, पुलिस की ओर से शुरुआती जांच के बाद कोई कार्रवाई नहीं हुई है। थानाध्यक्ष अंगद तिवारी का कहना है कि पीड़ित पक्ष की ओर से अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर ही विधिक कार्रवाई की जाएगी।