सिकरारा। क्षेत्र के एक गांव की एक महिला द्वारा 112 डायल पुलिस को पति के अपहरण की सूचना देने से खलबली मच गई। पुलिस हरकत में आई तो मामला पैसे के लेनदेन का निकला। पुलिस दोनों पक्षों को थाने पर लाकर मामले की जांच में जुटी है।
क्षेत्र के चांदपुर निवासी मुन्नी देवी शुक्रवार दोपहर को 112 डायल पर काल कर सूचना दी कि उनके पति राजदेव विश्वकर्मा को बाइक सवार दो लोग उस समय जबरन उठा ले गए जब परिवार में उनकी बेटी की 14 मई को होने वाली शादी के लिए पूजा की तैयारी चल रही थी। बताया कि बरईपार के महेंद्र प्रसाद यादव एक व्यक्ति के साथ बाइक से पहुंचे और बकाया पैसे की मांग करने लगे। शादी का हवाला देते हुए दो चार दिन की मोहलत मांगने पर नाराज होकर उनके पति को जबरन बाइक पर बैठाकर बरईपार की तरफ चले गए। महिला की सूचना पर पुलिस सक्रिय हुई और दबाव बनाकर दोनो को भीलमपुर चौकी बुलाया गया। वहाँ से स्थानीय थाने पर लाकर मामले की जांच में जुट गई। थाने पर पीडि़त राजदेव की पत्नी मुन्नी भी पहुंची और पुलिस को बताया कि उसने महेंद्र प्रसाद यादव से पचास हजार रूपये कर्ज लिया था। अब तक वह काफी पैसा दे चुकी है फिर भी वे अब दबाव बनाकर जबरन वसूली करना चाहते है। थानाध्यक्ष विवेक तिवारी ने बताया कि दोनों पक्षों से पूछ ताछ कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।