जौनपुर। कोरोना संक्रमण रोकने के लिए लॉक डाउन के तीसरे चरण की घोषणा के बाद शनिवार को पुलिस ने शहर समेत जिले के विभिन्न क्षेत्रों में रुट मार्च किया। पैदल, बाइक और जीप में सवार पुलिसकर्मियों ने मार्च के दौरान लोगों से घरों में रहने की अपील की। बाहर निकलकर घूमने वालों को रोककर हिदायतें भी दी।
एएसपी सिटी संजय कुमार, सीओ सिटी सुशील कुमार मिश्र के नेतृत्व में कोतवाली, लाइन बाजार, जफराबाद, सरायख्वाजा थाने की फोर्स ने शहर में मार्च किया। मार्च के दौरान अफसर पैदल चल रहे थे। उनके पीछे कोबरा, पीआरवी, वज्र वाहन सहित अन्य वाहन चल रहे थे। कोतवाली चौराहा से शुरू हुआ मार्च नवाब युसूफ रोड, चांद मेडिकल तिराहा, शाहगंज पड़ाव, रौजा अर्जन, बड़ी मस्जिद, मल्हनी पड़ाव, पुरानी बाजार, बेगमगंज, लाल दरवाजा पर पहुंचकर समाप्त हुआ। इसके बाद टीएसआई विनोद सिंह के साथ कोबरा मोबाइल दस्ता और पीआरवी टीम ने पूरे शहर क्षेत्र में चक्रमण किया गया। इस दौरान लोगों से सोशल डिस्टेसिंग बनाने, लॉकडाउन का पालन करने, घरों से न निकलने, हमेशा मास्क लगाने की अपील की गई।
बदलापुर: प्रभारी निरीक्षक राजेश यादव के नेतृत्व में पुलिस ने हॉट स्पॉट देवरिया गांव में मार्च किया। प्राथमिक विद्यालय से मार्च करते हुए पुलिसकर्मी गांव के चारों तरफ पहुंचे। ध्वनि विस्तारक यंत्र के माध्यम से घरों में रहने को सचेत करते रहे। मार्च में चौकी इंचार्ज घनश्यामपुर पीपी सिंह, एसआई शिवकुमार यादव, छेदीलाल आदि शामिल रहे। जलालपुर: क्षेत्र के हॉट स्पॉट ओइना गांव में चिकित्सकों ने शनिवार को रेंडम जांच के लिए पांच लोगों को नेहरूनगर सीएचसी भेजा। प्रभारी चिकित्सधिकारी डॉ. मनोज सिंह ने बताया कि जांच के लिए भेजे गए लोग हॉट स्पॉट एरिया के अंदर रहने वाले हैं। उन्होंने कहा कि डीएम के अग्रिम आदेश तक सभी प्राइवेट चिकित्सालय, नर्सिंग होम, पैथोलॉजी सेंटर, अल्ट्रासाउंड सेंटर बंद रहेंगे। इसी क्रम में सीओ केराकत अजय श्रीवास्तव के नेतृत्व में थानाध्यक्ष पन्नेलाल, चौकी इंचार्ज पराऊगंज युगल किशोर राय ने फोर्स के साथ गांव में मार्च किया।