डोभी। चंदवक थाना क्षेत्र के कोइलारी गांव निवासी युवक की हत्या कर शव दफनाने के मामले में मुख्य आरोपी को पुलिस अभीतक गिरफ्तार नहीं कर सकी। मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश देने का दावा कर रही है।
चंदवक थाना क्षेत्र के कोइलारी गांव निवासी सुरेंद्र सिंह (24) पुत्र अजय सिंह 11 जनवरी की शाम को घर से गेहूं लेकर आटा चक्की पर गया था। अगले दिन सुरेंद्र के मोबाइल से ही उसके पिता अजय की मोबाल पर फोन कर तीन लाख रुपये फिरौती मांगी गई थी। सर्विलांस की मदद से पुलिस ने अमरौना गांव निवासी सोनम राजभर को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर तरांव गांव में नहर किनारे गाड़े गए युवक का शव बरामद किया था। गिरफ्तार सोनम राजभर ने सुरेंद्र की हत्या का मुख्य साजिश कर्ता कोइलारी गांव निवसी चंदन सिंह रवि को बताया था। सुरेंद्र का मोबाइल फोन भी चंदन के ही कब्जे में है। पुलिस चंदन और दिलीप राजभर की तलाश में दबिश दे रही लेकिन घटना के खुलासे के चौथे दिन भी पुलिस के हाथ खाली है। घटना से गुस्साए लोगों ने बुधवार को कोइलारी बाजार में सड़क जाम किया था। सीओ केराकत अजय श्रीवास्तव का कहना है कि फरार हत्यारोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई है। टीम लगातार दबिश दे रही है। बहुत जल्द दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।