जौनपुर/जफराबाद। जफराबाद थाना क्षेत्र के जमैथा में गोमती नदी के किनारे जुआ खेलने के दौरान पुलिस की कार्रवाई के बाद से लापता आरोपी का शव मिलने के मामले की गुत्थी उलझ गई है। इस मामले की तह तक जाने के लिए पुलिस जुआ खेलवाने वाले सरगना और नाविक तक की तलाश कर रही है।
जफराबाद थाना क्षेत्र के जमैथा गांव में शुक्रवार की देर शाम क्राॅइम ब्रांच की टीम ने गोमती नदी के किनारे छापा मारकर जांच की थी। पुलिस ने मौके से जुआ खेलने के आरोप में सात लोगों को पकड़ा था। मौके से 78300 रुपये बरामद हुए थे। आरोपियों से पूछताछ में आठ लोगों के नाव से भागने की जानकारी मिली। आरोपियों में शामिल ढालगर टोला निवासी आकाश गोस्वामी, मनीष सिंह, संतलाल पहलवान, गुड्डू बिंद और लाल बाबू नाम के व्यक्ति के खिलाफ मृतक के परिजनों ने मुकदमा दर्ज करवाया। इस बीच रविवार की देर शाम धर्मापुर में गोमती नदी में नितिन का शव बरामद हुआ। उधर, हिरासत में लिए गए आकाश के बयान और जांच में कई अहम जानकारी पुलिस को मिली है। मामले की तह तक जाने के लिए पुलिस जुआ खेलवाने वाले मुख्य सरगना और नाविक की तलाश कर रही है। इसके साथ ही नीतिन के घर पर सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है। यहां महिला और पुरुष सिपाही सादे वर्दी में तैनात किए गए हैं, जो हर गतिविधि की उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट कर रहे हैं। उधर, बेटे की मौत के बाद बुजुर्ग मां कलावती जायसवाल बेसुध हो गईं। एएसपी सिटी आयुष श्रीवास्तव ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। जल्दी ही मामले का खुलासा किया जाएगा।