बैंक अधिकारियों की छानबीन के बाद यह स्पष्ट हुआ है कि 41 लाख रुपये जौनपुर के मड़ियाहूं स्थित पीएनबी शाखा से निकाला गया था। बृहस्पतिवार को वाराणसी के मुख्य शाखा प्रबंधक प्रवीण कुमार सिंह के नेतृत्व में बैंक की टीम मड़ियाहूं पहुंची। बैंक में जाकर सीसीटीवी फुटेज खंगाले। बातचीत में प्रवीण कुमार सिंह ने मड़ियाहूं शाखा से 41 लाख रुपये निकालने की पुष्टि की।
यह रुपये दिन में 11 से 12 बजे के बीच निकाले गए हैं। इस मामले में अन्य किसी तरह की जानकारी देने में उन्होंने असमर्थता जताई। अब मड़ियाहूं शाखा से दिन में ही रुपये निकालने और शाम पांच बजे हत्या होने के बाद जांच में जुटी पुलिस टीम मामले को कई एंगल से देख रही है।
यह भी आशंका जताई जा रही है कि प्रबंधक पर मड़ियाहूं से ही नजर रखा जा रहा था। बता दें कि शाखा प्रबंधक के चचेरे भाई जलालपुर ब्लाक से ब्लॉक प्रमुख पद के दावेदार भी हैं। लिहाजा घटना के पीछे पंचायत चुनाव को भी वजह माना जा रहा है।