प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सिद्दीकपुर में निर्माणाधीन राजकीय मेडिकल कालेज का लोकार्पण करेंगे। हालांकि अभी इसके लिए कोई तिथि नहीं तय की गई है, लेकिन संभावना जताई जा रही है कि वह इसी माह लोकार्पण कर सकते हैं। वहीं, इसकी खबर लगते ही राजकीय मेडिकल कालेज सिद्दीकपुर में भी तैयारियां तेज कर दी गई है।
जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने राजकीय मेडिकल कालेज सिद्दीकपुर का भवन न तैयार होने पर जिला चिकित्सालय में एक माह पहले ही चिकित्सकों की टीम बुलाकर ओपीडी शुरू करा दी है। कालेज के नियुक्त प्रिंसिपल और 19 चिकित्सक आकर ओपीडी कर रहे हैं। जिससे चिकित्सकीय टीम होने पर भवन निर्माण में तकनीकी बाधाओं को दूर किया जा सके। अधिकारियों के अनुसार कुल 50 फैकेल्टी की आवश्यकता होगी। इसमें से 70 फीसदी की भर्ती हो चुकी है तो शेष का चयन वाकिंग इंटरव्यू के जरिए होगा। नए सत्र से एमबीबीएस की प्रथम बैच शुरू करने का लक्ष्य है। इसको लेकर 70 फीसदी फैकल्टी का चयन भी पूर्ण हो चुका है। डीएम मनीष कुमार का कहना है कि उन्हें मीडिया के माध्यम से प्रधानमंत्री द्वारा मेडिकल कालेज का लोकार्पण किए जाने की सूचना मिली है। इस बारे में अभी उनके पास कोई अधिकृत जानकारी नहीं आई है।