चंदवक थाना क्षेत्र के मोढ़ैला मार्ग पर ब्राह्मणपुर में स्थित पेट्रोल पंप पर सोमवार की देर रात कुछ लोगों ने जमकर हंगामा किया। कुल्हाड़ी, फावड़ा व अन्य धारदार हथियार लेकर पहुंचने के बाद मैनेजर समेत चार कर्मचारियों पर हमलाकर घायल कर दिया। जमकर तोड़फोड़ भी की। वहीं, पुलिस ने मामले में नौ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
पेट्रोल पंप के कर्मचारियों के मुताबिक सोमवार की देर रात करीब 10-11 बजे घटना के घंटे भर पहले पंप के सामने आरोपी युवकों में आपस में मारपीट हुई थी। पेट्रोल पंप कर्मियों ने बीच-बचाव किया था। इसी से खुन्नस खाए करीब 12 अराजकतत्व चार पहिया वाहन से पहुंचे और पेट्रोल पंप कर्मियों पर जानलेवा हमला कर दिया। मैनेजर पारितोष शुक्ल के सिर में गंभीर चोट आई है। जिससे वह बेहोश हो गए। अन्य कर्मियों अमित सिंह, संतोष मिश्र व चंद्रशेखर पाठक भी घायल हो गए। हमलावरों ने पंप पर तोड़फोड़ भी की। चीख-पुकार सुनकर पंप मालिक शिव प्रताप सिंह ने पुलिस को सूचना दी और कुछ लोगों के साथ पहुंचे तो हमलावर क्रूजर वाहन, कुल्हाड़ी, फावड़े आदि छोड़कर भाग गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे कब्जे में ले लिया। घायलों को सीएचसी बीरीबारी ले जाया गया। डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। थाना प्रभारी शिव प्रसाद पांडेय ने बताया कि नौ नामजद आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर तलाश की जा रही है।