एसडीएम को पत्रक सौंपने पहुंचे सफाई कर्मचारी।
- फोटो : jaunpur
विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलित ग्रामीण सफाई कर्मचारियों ने शनिवार को तहसील मुख्यालयों पर धरना प्रदर्शन कर सभा। की अपनी मांग से संबंधित मुख्यमंत्री को संबोधित पत्रक एसडीएम को सौंपा। कर्मचारियों ने सरकार पर वायदा खिलाफी का आरोप लगाया। चेतावनी दी कि अगर उनकी मांगे पूरी नहीं हुई तो वे आंदोलन को और तेज करेंगे। सदर तहसील मुख्यालय पर आयोजित धरना प्रदर्शन के मौके पर संगठन के जिलाध्यक्ष संजय चौधरी ने कहा कि 11 सूत्री मांगों को लेकर संगठन ने 21 सितंबर को लखनऊ में धरना प्रदर्शन किया था। प्रमुख सचिव पंचायती राज विभाग ने उनकी प्रमुख मांगों में से चार मांगो को पूरा करने का आश्वासन दिया था।
आश्वासन के बाद अभीतक न तो कार्यवृत्ति जारी हुई और न ही शासनादेश जारी हुआ। 17 अक्तूबर को राज्य मुख्यालय पर आंदोलन का निर्णय लिया गया है। यहां जोगेंद्र प्रसाद, रणजीत यादव, विनोद कुमार, राजकुमार, अशोक कन्नौजिया आदि मौजूद थे। मछलीशहर प्रतिनिधि के अनुसार शिव प्रसाद यादव के नेतृत्व में सफाई कर्मचारियों ने तहसील मुख्यालय पर धरना प्रदर्शन किया। घनश्यामपुर प्रतिनिधि के अनुसार सफाई कर्मचारियों ने अपनी मांग से संबंधित ज्ञापन एसडीएम ममता मालवीय को सौंपा। केराकत प्रतिनिधि के अनुसार यहां तहसील में आयोजित धरना प्रदर्शन में अनिल यादव,विनोद पाल,राम प्रवेश,प्रमेश कुमार, शिव प्रकाश, संजय यादव आदि मौजूद थे।