सिविल लाइन स्थित एसबीआई के एटीम का गिरा शटर।
मंगलवार को बैंक बंद होने के साथ एटीएम सेवा भी ठप रही। एटीएम से पैसे निकालने की गरज से शहर में आए लोग कई एटीएम पर भटकते रहे, लेकिन उन्हें नकदी नहीं मिली। कुछ एटीएम खुले रहे जहां लंबी लाइन लगी रही।
शादी विवाह के सीजन में जहां लोग नकदी के संकट से जूझ रहे हैं वहीं बैंक और एटीएम भी लोगों का साथ नहीं दे रहे। मंगलवार को डा. भीमराव अंबेडकर की पुण्यतिथि का अवकाश होने के कारण बैंक बंद थे। बैंक खाते से पैसे निकालने के लिए लोगों के लिए एटीएम ही एक मात्र सहारा था लेकिन एटीएम सेवा भी दगा दे गई।
जिले में विभिन्न बैंकों के 274 एटीएम बूथों में से किसी भी एटीएम बूथ का शटर नहीं खुला। दूर दूर से लोग शहर में एटीएम से पैसे निकालने आए थे। लोग पूरे शहर का चक्कर काटने के बाद मायूस लौट गए। पैसे के लिए लोग किस कदर परेशान रहे इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि जेसीज चौराहे के निकट स्थित एटीएम बंद था।
बैंकों और एटीएम में कैश की किल्लत के चलते लोगों कैसी दुश्वारियां झेलनी पड़ रही हैं। दो हजार रुपये की खातिर लोगों का समय और पैसा भी बर्बाद हो रहा है। लोगों को पैसे खाते से निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। नकदी के संकट के चलते एटीएम में भी नोट नहीं डाले जा रहे हैं।