जौनपुर। कोरोना के कारण अब ट्रेनों और रोडवेज बसों में यात्रियों की संख्या कम हो गई हैं। हालत यह हो गई है कि वेटिंग वाली ट्रेनों में अब आसानी से सीटें मिलने लगी हैं। यात्रियों को वेटिंग टिकट के लिए जद्दोजहद नहीं करनी पड़ रही है। यात्री आराम से टिकट लेकर यात्रा कर ले रहे हैं। इतना ही नहीं, कोरोना के कारण लोग अपनी यात्रा भी निरस्त कर रहे हैं। जिले के भंडारी रेलवे जंक्शन, सिटी रेलवे स्टेशन, जफराबाद, शाहगंज, मीरगंज सहित अन्य रेलवे स्टेशनों पर यही स्थिति देखी जा रही है।
वाराणसी प्रतापगढ़ रेलवे रूट पर स्थित जंघई रेलवे स्टेशन पर इन दिनों यात्रा करने वाले यात्रियों के संख्या में गिरावट आई है। कारण कोरोना के बढ़ते संक्रमण से काफी कम लोग यात्रा कर रहे हैं। इस दौरान वाराणसी कुर्ला कामायनी एक्सप्रेस, गोरखपुर कुर्ला काशी एक्सप्रेस, छपरा कुर्ला गोदान एक्सप्रेस, बनारस नई दिल्ली काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस, वाराणसी ग्वालियर बुंदेलखंड एक्सप्रेस, छपरा दुर्ग सारनाथ एक्सप्रेस, बनारस कुर्ला रत्नागिरी एक्सप्रेस, गाजीपुर बांद्रा एक्सप्रेस, गाजीपुर आनंद विहार सुहेलदेव एक्सप्रेस, हावड़ा नई दिल्ली पूर्वा एक्सप्रेस, हावडा अमृतसर पंजाब मेल से रोजाना हजारों यात्री जंघई से ट्रेन पकड़ते थे लेकिन कोरोना के कारण अब काफी कम यात्री ट्रेन पर बैठने आ रहे हैं। रोजाना चार से पांच आरक्षित टिकट कैंसिल हो रहे है। रामजी यादव टिकट बाबू जंघई ने बताया की सोमवार को तीन यात्रियों ने टिकट कैंसिल किया है।
रोडवेज बसों में घट गए यात्री, रोज एक लाख कम हो रही आय
जौनपुर। जौनपुर रोडवेज डिपो से इस समय कम यात्री यात्रा कर रहे हैं। इससे रोडवेज की आय भी घट गई है। इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि पिछले माह में जहां रोज लगभग आठ हजार यात्री यात्रा करते थे। वहीं, इस समय लगभग छह हजार यात्री यात्रा कर रहे है। इस दौरान प्रतिदिन दो हजार कम यात्री यात्रा कर रहे हैं। वहीं रोज एक लाख रुपये का घाटा हो रहा है। ऐसा कोरोना संक्रमण बढ़ने के कारण हुआ है। इस संबंध में सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक रोडवेज विजय कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि कोरोना के कारण अब कम यात्री यात्रा कर रहे हैं। रोजाना सामान्य दिनों की अपेक्षा तकरीबन दो हजार कम यात्री यात्रा कर रहे हैं। वहीं, प्रतिदिन एक लाख रुपये की आय भी घट गई है।