स्नातक और स्नातकोत्तर की परीक्षाएं कराने के लिए शासनादेश जारी हो गया है। पूविवि. को जारी पत्र में कहा गया है कि कोरोना संक्रमण को देखते हुए परीक्षाएं डेढ़ घंटे की कराई जाएगी। शासनादेश में स्नातक द्वितीय और तृतीय वर्ष की परीक्षाएं कराने का निर्देश दिया है। पत्र जारी होने के बाद विवि प्रशासन नेल परीक्षा की तैयारी शुरू कर दी है। आगामी मंगलवार को परीक्षा संचालन समिति की बैठक में इसे अंतिम रूप दे दिया जाएगा।
शासनादेश में कहा गया है कि प्रथम वर्ष के परीक्षार्थियों को प्रोन्नत कर अगली कक्षा में दाखिला दिया जाएगा। द्वितीय व तृतीय वर्ष के विद्यार्थियों की परीक्षाएं कराई जाएगी। बुधवार को देर शाम शासनादेश विश्वविद्यालय में पहुंचा। विवि. प्रशासन इसके अनुपालन की तैयारी में जुट गया है। परीक्षा नियंत्रक बीएन सिंह ने बताया कि शासनादेश में तीन घंटे की जगह डेढ़ घंटे का पेपर कराने की बात कही गई है। मंगलवार को परीक्षा संचालन समिति की बैठक बुलाकर परीक्षा की तैयारी को अंतिम रूप दे दिया जाएगा। परीक्षा कैसे होगी, पेपर का स्वरूप कैसा होगा यह परीक्षा समिति की बैठक में तय होगा।