कोरोना संक्रमण के चलते अस्पतालों में लंबे समय से बंद चल रही ओपीडी शुक्रवार से शुरू हो जाएगी। जिला अस्पताल समेत सभी सीएचसी-पीएचसी पर ओपीडी शुरू करने के लिए तैयारी पूरी कर ली गई है। जिला अस्पताल परिसर में मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों के लिए ओपीडी का अलग ब्लाक बनाया गया है। शुक्रवार से वह भी मरीजों को सेवा देंगे। दवा-उपचार के लिए भटक रहे मरीजों को ओपीडी शुरू होने के बाद बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
कोरोना की दूसरी लहर का प्रकोप बढ़ने के बाद सरकार ने सभी अस्पतालों में ओपीडी सेवा पर रोक लगा दी थी। सिर्फ इमरजेंसी के मरीजों का ही उपचार हो रहा था। इस अवधि में सामान्य बीमारी के मरीजों के लिए टेली मेडिसिन की सेवा संचालित थी। हालांकि इसका ज्यादातर लोगों को लाभ नहीं मिल पा रहा। ऐसे मरीज दवा-उपचार के लिए निजी अस्पतालों का चक्कर लगा रहे थे या गांवों में अप्रशिक्षित डॉक्टरों की शरण लेने को विवश थे। कोरोना का असर कम होने के बाद फिर से ओपीडी सेवा बहाल की जा रही है। शुक्रवार से सभी सरकारी अस्पतालों की ओपीडी चालू हो जाएगी। बृहस्पतिवार को अस्पताल परिसर की सफाई कराने के साथ ही सभी कमरों को सैनिटाइज करा दिया गया। शुक्रवार से सभी चिकित्सक अपने कक्ष में बैठकर मरीजों को देखेंगे।
----
वर्जन
जिला अस्पताल में शुक्रवार से ओपीडी शुरू कराई जाएगी। सभी चिकित्सकों को सूचना दे दी गई है। मेडिकल कॉलेज के चिकित्सक भी जिला अस्पताल में ही ओपीडी सेवा देंगे। प्रथम तल पर उन्हें नौ कमरों के साथ सभी सुविधाएं मुहैया करा दी गई हैं। -डॉ. एके शर्मा, सीएमएस, जिला अस्पताल जौनपुर।