जौनपुर। पूर्वांचल विश्वविद्यालय के उमानाथ सिंह इंजीनियरिंग संस्थान के बीटेक छात्रों के प्लेसमेंट के लिए रविवार को ऑनलाइन परीक्षा हुई। इसमें इंजीनियरिंग संकाय के प्रथम से चतुर्थ वर्ष तक के 1265 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। भारत सरकार के टेकिप-3 कार्यक्रम के तहत परीक्षा कराई गई।
परीक्षा समन्वयक सत्यम उपाध्याय ने बताया कि परीक्षा रविवार सुबह 9 से 3 बजे तक कराई गई। यह परीक्षा अभी तक सिर्फ आईआईटी, एनआईटी एवं देश के अग्रणी संस्थानों में ही आयोजित होती थी लेकिन छात्रों को बेहतर सुविधा मुहैया कराने के लिए विगत तीन वर्षों से पूर्वांचल विश्वविद्यालय में इस परीक्षा का आयोजन कर रहा है। ताकि विद्यार्थियों को ज्यादा से ज्यादा रोजगार के अवसर मिले। परीक्षा में तार्किक क्षमता, अंग्रेजी, मात्रात्मक क्षमता, व्यक्तित्व एवं संबंधित विषय से प्रश्न पूछे गए। परीक्षा उत्तीर्ण कर अच्छे अंक पाने वाले विद्यार्थियों को टाटा मोटर्स, अमेजन, एक्सेंचर, फ्लिपकार्ट जैसी अग्रणी कंपनियों में कार्य करने के अवसर मिलेगा। संस्थान के डीन प्रो. बीबी तिवारी, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग के विभागाध्यक्ष डॉ. रजनीश भास्कर, दीप प्रकाश सिंह, सौरभ कुमार ने परीक्षा की व्यवस्था संभाली।