मछलीशहर। नगर के पुरानी सरकारी अस्पताल परिसर में स्थित नई सब्जी मंडी में हो रही चोरी की घटना को लेकर दुकानदार परेशान हैं। चोर हजारों रुपये का सामान चोरी कर ले गए। दुकानों की गुमटी का ताला तोड़कर चोरी हुई है।
मंडी परिसर में दुकानदार दियांवा गांव निवासी घनश्याम, ताजुद्दीनपुर निवासी नान्हू पटेल, बरबसपुर निवासी रितिन पांडेय, पुरानी बाजार निवासी शिवराम, राजू सहित आधा दर्जन सब्जी के दुकानदारों ने बताया कि दो दिन से रात को दुकान में रखा प्याज, लहसुन, अदरक, मिर्चा, देशी सूरन सहित अन्य सामान चोरी हो रहा है।
उनका कहना है कि लगभग सभी का मिलाकर 50 हजार रुपये की सब्जी चोरी हुई है। चोरी की सूचना कोतवाली पुलिस को दी गई है। मगर सिलसिला जारी है। मंडी के ही दुकानदार खिलोधर जो एक गुमटी में चाय पान की दुकान चलाते हैं। उन्होंने बताया कि शनिवार की रात उनकी गुमटी का ताला तोड़कर डाबर आवला केश तेल, साबुन, गुटखा, कोलगेट, बीड़ी, सिगरेट सहित हजारों रुपये का सामान चोर चुरा ले गए। पीड़ित के अनुसार चोरी की जानकारी दो दिन से लगातार सूचना पुलिस को दे रहे हैं। पीड़ित घनश्याम और राजू ने बताया के कुछ दिन पहले दुकान में ही उन्होंने एक, दो रुपये का चेंज करवाकर 700 सिक्का रखा था। वह भी गायब हो गया। शनिवार को 112 नंबर पर चोरी की सूचना देने पर पुलिस पहुंची, थी पूछताछ कर चली गई। कस्बा इंचार्ज मुन्नीलाल कनौजिया ने मौके पर पहुंच कर पूछताछ की।