जौनपुर। छापा मारकर शुक्रवार की रात को जौनपुर कोतवाली पुलिस ने 11 व शनिवार को सरपतहां पुलिस ने पांच जुआरियों को पकड़कर चालान कर दिया। सभी के पास से दो लाख रुपये से अधिक नकदी व मोबाइल बरामद किए गए। पकड़े गए सभी आरोपियों पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया।
सदर कोतवाली क्षेत्र के भंडारी पुलिस चौकी इलाके में स्थित सत्यम गेस्ट हाउस में चल रहे जुए के खेल का पुलिस ने फंडाफोड़ किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने वहां से 11 जुआरियों को पकड़ लिया। मौके से दो लाख चार सौ रुपये नकदी बरामद किया गया। आरोपियों की जेब से 1600 रुपये व 11 मोबाइल फोन बरामद किया गया। पुलिस ने इस मामले में गेस्ट हाउस के मालिक सहित कुल 12 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। एएसपी सिटी बृजेश कुमार ने बताया कि शुक्रवार की रात में भंडारी चौकी प्रभारी ताड़केश्वर राय अपनी टीम के साथ नगर में भ्रमण कर रहे थे। इसी दौरान सूचना मिली कि सुतहट्टी तिराहे के पास स्थित सत्यम गेस्ट हाउस में कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छापा की कार्रवाई की तो दूसरे फ्लोर पर दरवाजा बंद करके जुआ खेला जा रहा था। पुलिस ने दरवाजा खुलवाया तो वहां से आरोपी भागने लगे। पुलिस ने सभी को दबोच लिया। मौके से तीन गड्डी तास की पत्तियां भी बरामद की गईं। जुआ खेलने के मामले में रिंटू गुप्ता, सुरेंद्र विक्रम राय, संतलाल निषाद, दीपक मिश्रा, योगेंद्र विक्रम सिंह, शुभम गुप्ता, धर्मेंद्र चौहान, मनीष सिंह, बच्ची सोनी, सुशील यादव, मो.रईश, सत्यम गेस्ट हाउस के मालिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।वहीं सरपतहां पुलिस ने उप निरीक्षक उमेश कुमार यादव के नेतृत्व में छापा मारते हुए पट्टीनरेंद्रपुर से पांच जुआरियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास 7200 रुपये नकद व ताश के पत्ते भी बरामद किए गए। पकड़े गए जुआरियों में शैलेंद्र सिंह, अमित सोनी, आशीष तिवारी, सूरज गुप्ता निवासी ग्राम पट्टीनरेंद्रपुर थाना सरपतहां, विनय सिंह निवासी ग्राम हबीबपुर थाना सरपतहां है। इनके खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया गया।