जौनपुर। कोरोना से मौत का सिलसिला बृहस्पतिवार को भी जारी रहा। एल-2 अस्पताल में भर्ती एक मरीज की जान चली गई। कोरोना के 260 नए केस भी मिले हैं। नए मरीजों में कई चिकित्साकर्मी, बैंक व अन्य विभागों के कर्मचारी शामिल हैं। अब कोरोना से मौत का आंकड़ा 109 हो गया, जबकि एक्टिव केस 1701 हो गए हैं। अभी 2219 सैंपल की रिपोर्ट आनी शेष है।
महिला अस्पताल के एमसीएच विंग में बने एल-2 अस्पताल में कोरोना पॉजिटिव मरीज (60) को दो दिन पहले ही भर्ती किया गया था। उपचार के दौरान बृहस्पतिवार को उसने दम तोड़ दिया। सीएमओ डॉ. राकेश कुमार ने बताया कि 1408 सैंपल की रिपोर्ट आई। इसमें 260 कोरोना पॉजिटिव हैं। एंटीजन किट से जांच में 151 और आरटी पीसीआर से जांच में 109 संक्रमित मिले हैं। नए मरीजों में शहर के जहांगीराबाद, यूपी सिंह कॉलोनी, मियांपुर, शेखपुर, चांदमारी, नईगंज आदि क्षेत्रों से 14 मरीज शामिल हैं। इनके अलावा मुंगराबादशाहपुर, बरसठी, मछलीशहर से 24-24, करंजाकला से 22, मड़ियाहूं से 23, खुटहन से 14, सुजानगंज से 19, बदलापुर से 11, बक्शा 4, केराकत से 4, डोभी से आठ मरीज मिले हैं। कुल एक्टिव केस में 1502 मरीजों को होम आइसोलेशन में रखा गया है, जबकि 30 एमसीएच विंग में भर्ती हैं।
कोरोना संक्रमित हुए मछलीशहर सांसद, वोट देने के बाद आई रिपोर्ट
- ट्वीट कर दी जानकारी, बूथ पर संपर्क में आए सभी संदिग्ध
अमर उजाला ब्यूरो
जौनपुर। मछलीशहर से भाजपा सांसद बीपी सरोज कोरोना संक्रमित हो गए हैं। बृहस्पतिवार की दोपहर में उन्होंने ट्वीट कर यह जानकारी दी। अपने संक्रमण की रिपोर्ट साझा करने से कुछ देर पहले ही सांसद पंचायत चुनाव में सपरिवार वोट देने बूथ पर भी गए थे। अब उनके संपर्क में आए बूथ के सभी कर्मचारी, पोलिंग एजेंट व श्अन्य लोग संदिग्ध की श्रेणी में आ गए हैं।
सांसद ने मुंगराबादशाहपुर ब्लाक के मादरडीह स्थित पैतृक गांव के बूथ पर सुबह दस बजे वोट दिया था। वोट देते समय वह अपने परिवार के साथ थे। इसके कुछ घंटे बाद उन्होंने अपने ट्वीटर एकांउट से अपने कोरोना संक्रमित होने की रिपोर्ट साझा की तो हड़कंप मच गया। बूथ पर कई लोग सांसद के संपर्क में आए थे। तब उन्होंने मास्क जरुर पहना था, लेकिन तमाम लोग उनके आसपास मौजूद रहे। कुछ ने सांसद से हाथ भी मिलाया। अब हर कोई खुद के स्वास्थ्य को लेकर चिंतित हो गया है। माना जा रहा है कि सांसद में कोरोना के लक्षण पहले से ही थे। इसका अहसास होने पर ही उन्होंने जांच कराई थी। ऐसे में संपर्क में आए लोगों के भी जांच कराना जरुरी हो गया है।